नायब सैनी और कुलदीप बिश्नोई के बीच बढ़ती नजदीकियां

 


चंडीगढ़, 16 जून (हि.स.)। हरियाणा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई के बीच नजदीकियां बढ़ती दिख रही हैं। पिछले 15 दिनों में मुख्यमंत्री नायब सैनी के साथ दो बार मुलाकात करने के बाद कुलदीप बिश्नोई अपने परिवार समेत सोमवार की रात चंडीगढ़ पहुंचे और मुख्यमंत्री आवास पर मुख्यमंत्री के परिवार के साथ रात्रि भोज किया।इससे पहले तीन जून को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दिल्ली स्थित कुलदीप बिश्नोई के आवास पहुंचे थे। इसके बाद आदमपुर में पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की पुण्यतिथि पर दोनों नेता एक मंच पर दिखाई दिए थे। अब तीसरी मुलाकात सोमवार रात मुख्यमंत्री आवास पर हुई, जहां कुलदीप बिश्नोई पत्नी रेणुका बिश्नोई, विधायक पुत्र भव्य बिश्नोई, विधायक रणधीर पनिहार और समर्थकों के साथ पहुंचे। कुलदीप बिश्नोई 2022 में कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। उस समय पार्टी में उनकी बड़ी भूमिका की चर्चा रही, लेकिन बाद के वर्षों में परिवार अपेक्षाकृत सीमित राजनीतिक दायरे में नजर आया। कुलदीप बिश्नोई मुख्य रूप से सांसद रेखा शर्मा द्वारा उनके पिता और हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. भजन लाल पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के कारण नाराज बताए जा रहे थे।लगातार तीन मुलाकातों से माना जा रहा है कि मुख्यमंत्री सैनी परिवार और बिश्नोई परिवार के बीच संवाद पहले की तुलना में कहीं अधिक सक्रिय हो चुका है।

--------------------

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा