नशा मुक्त, शिक्षित समाज के साथ व्यवस्था परिवर्तन एवं राष्ट्र निर्माण का लें संकल्प:नायब सिंह सैनी
-मुख्यमंत्री ने जालंधर में पीयूष मुनि महाराज के 39वें दीक्षांत समारोह में की शिरकत
चंडीगढ़, 05 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि नशा मुक्त और शिक्षित समाज के साथ व्यवस्था परिवर्तन एवं राष्ट्र निर्माण का मिलकर संकल्प लें,तभी सेवा,सम्मान और संस्कार युक्त समाज के नवनिर्माण में अहम भूमिका निभाई जा सकती है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी जालंधर में पीयूष मुनि महाराज के 39वें दीक्षांत एवं सेवा सम्मान को समर्पित समारोह को सम्बोधित कर रहे थे। जैन सभा द्वारा मुख्यमंत्री को शॉल, पगड़ी एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत सेवा समर्पण के साथ पूरे समाज का मार्गदर्शन करते हैं और ज्ञान रूपी दीपक से दूसरों के जीवन में रोशनी लाते हैं। उनके विचार मानवता की सेवा के लिए समर्पित होते हैं। उन्होंने कहा कि मनुष्य को धनवान की जगह चरित्रवान, संस्कारवान और मानवीय संवेदनाओं से युक्त बनना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सेवा से बड़ा कोई धर्म, करूणा से बड़ी कोई पूजा तथा मानवता से बड़ा कोई मजहब नहीं होता। सामाजिक संस्थाए नशे से सचेत एवं जागरूक करने, बेटियों को शिक्षित करने, गरीब का घर रोशन करने परिवार में वात्सल्य बढ़ाने जैसे कार्य करके समाज का भविष्य गढ रहे हैं। संतो ने सत्य, अहिंसा, संयम, सेवा, समर्पण का मार्ग दिखाया है। हमें उनके जीवन से प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने की आवश्यकता है।
रंगला पंजाब को राजनीतिक इच्छाओं ने पीछे धकेल दिया
मुख्यमंत्री ने कहा कि रंगला पंजाब को राजनैतिक इच्छाओं ने पीछे धकेल दिया है। पंजाब पर 4 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा का कर्ज है तथा हर व्यक्ति पर सवा लाख रुपए का कर्ज है। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब की मिट्टी में गुरुओं की वाणी, शहीदों की कुर्बानी, किसानों का पसीना और भाईचारे की खुशबू आती है। पंजाब और हरियाणा का रिश्ता केवल सीमाओं का नहीं है बल्कि यह दिलों का रिश्ता है। नायब सिंह सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने नशा खत्म करने के बड़े-बड़े दावे किए थे। आज पंजाब नशा और गैंगस्टर संस्कृति से जूझ रहा है। भाजपा सरकार ने हरियाणा में रोजगार, कौशल विकास और खेल नीति के माध्यम से युवाओं को सकारात्मक अवसर उपलब्ध करवाए हैं। मुख्यमंत्री ने कहा पंजाब और हरियाणा पड़ोसी राज्य हैं। पंजाब किसानों की धरती है, लेकिन यहां का किसान अपनी फसलों की खरीद, भुगतान और मंडी व्यवस्था को लेकर बार-बार चिंता और अनिश्चितता का सामना कर रहा है।
जालंधर खेल उद्योग, हस्तशिल्प, चमड़ा उद्योग स्पोर्ट्स सिटी के रूप में विख्यात
मुख्यमंत्री ने कहा कि जालंधर खेल उद्योग, हस्तशिल्प, चमड़ा उद्योग और एम.एस.एम.ई. का राष्ट्रीय केंद्र है। पूरी दुनिया में स्पोर्ट्स सिटी के रूप में विख्यात इस भूमि पर बने खेल उपकरणों ने विश्व के बड़े-बड़े खेल मैदानों तक भारत का गौरव पहुंचाया है। ऐसी पावन भूमि को कोटि-कोटि नमन करते हुए जालंधर की जनता को हृदय से प्रणाम एवं वंदन है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में स्थानीय उद्योगों को आत्मनिर्भर भारत और मुद्रा योजना के माध्यम से नई मजबूती मिली है। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के आधुनिकीकरण का काम पूरा हो चुका है और सिटी रेलवे स्टेशन का काम भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि दिल्ली-अमृतसर-कटरा एक्सप्रेस वे जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं के माध्यम से जालंधर की देश के प्रमुख आर्थिक केंद्रों से कनेक्टिविटी को मजबूत किया गया है।
इस अवसर पर श्रमेश मुनि महाराज, पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया, पूर्व सासंद सुनील, अमन थापा, राजेश जैन, महामंत्री सुशील जैन, सर्वजीत मक्कड़, विमल जैन, अश्वनी भण्डारी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं सभा के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा