हिसार : एआई और रोबोटिक्स से बदलेगा प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग उद्योग का स्वरूप : प्रो. नरसी राम बिश्नोई
कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के पोस्टर का किया
विमोचन
हिसार, 18 अगस्त (हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
और ऑफसेट प्रिंटर्स एसोसिएशन (ओपीए), लुधियाना के संयुक्त तत्वावधान में 24 से 26 सितंबर
तक ‘एआई एंड रोबोटिक्स: रिवोलुशनाइजिंग प्रिंटिंग एंड पैकेजिंग’ विषय पर तीन दिवसीय
अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने मंगलवार
को सम्मेलन के पोस्टर का विमोचन किया।
इस अवसर पर कुलपति ने आयोजकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस
और रोबोटिक्स औद्योगिक क्षेत्र में तेजी से बदलाव ला रहे हैं। प्रिंटिंग एवं पैकेजिंग
उद्योग में इन तकनीकों का समावेश समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसा अंतर्राष्ट्रीय
सम्मेलन उद्योग, शिक्षाविदों और शोधकर्ताओं के बीच ज्ञान एवं तकनीकी अनुभव के आदान-प्रदान
का प्रभावी मंच बनेगा तथा विद्यार्थियों और शिक्षकों को नवीनतम तकनीकों से रूबरू होने
का अवसर मिलेगा।
प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी विभाग की अध्यक्षा डॉ. वंदना गुप्ता ने कहा कि सम्मेलन
उद्योग-अकादमिक सहयोग को मजबूत करने के साथ शोध, नवाचार और कौशल विकास को नई दिशा देगा।
सम्मेलन सचिव डॉ. बिजेंद्र कौशिक ने बताया कि देशभर की अनेक प्रिंटिंग एसोसिएशनों और
संस्थानों को आयोजन में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है। सम्मेलन में एआई, रोबोटिक्स,
ऑटोमेशन, स्मार्ट मैन्युफैक्चरिंग और प्रिंटिंग-पैकेजिंग के भविष्य पर विशेषज्ञ मंथन
करेंगे।
सम्मेलन में देश-विदेश से 300 से अधिक विशेषज्ञों, विद्यार्थियों और शिक्षकों
के शामिल होने की संभावना है। ग्रीस, कनाडा और थाईलैंड के विशेषज्ञ भी अपने अंतर्राष्ट्रीय
अनुभव साझा करेंगे। इस दौरान ओपीए की ओर से प्रिंट श्री अवार्ड-2026 तथा प्रेजिडेंशियल
प्रिंट अवार्ड्स भी आयोजित किए जाएंगे।
पोस्टर विमोचन के अवसर पर प्रो. विनोद छोकर, प्रो. एचसी गर्ग, डॉ. तेजपाल सिंह,
प्रो. अम्बरीश पांडेय, अरोहित गोयत, अभिषेक सैनी, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. अंकित बूरा
तथा सहायक प्रोफेसर सतीश सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर