पानीपत के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में जीता कांस्य पदक
पानीपत, 15 जनवरी (हि.स.)। गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय सब जूनियर खो-खो प्रतियोगिता में हरियाणा की लड़कियों की टीम ने कांस्य पदक जीता है। 10 जनवरी से 14 जनवरी तक चली इस प्रतियोगिता में हरियाणा की टीम ने तृतीय स्थान हासिल किया।
इस प्रतियोगिता में देशभर के 25 राज्यों की टीमों ने भाग लिया। लड़के और लड़कियों दोनों वर्गों के लिए आयोजित इस स्पर्धा में हरियाणा की लड़कियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए तृतीय स्थान हासिल किया ओर कांस्य पदक अपनी झोली में डाला।
इस राष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिता में पानीपत से खो-खो क्लब, गांव मनाना के चार लड़के और चार लड़कियां शामिल थीं। मनाना गांव की कुमारी नजमा को प्रतियोगिता में 'बेस्ट डिफेंडर' का पुरस्कार मिला है। इस उपलब्धि पर जिला खो-खो संघ पानीपत के महासचिव रविंद्र सैनी,हरियाणा राज्य खो-खो संघ के उप प्रधान राजकमल ढांडा, हरियाणा राज्य खो-खो संघ के महासचिव बलवान सिंह, हरियाणा राज्य रेफरी बोर्ड के अध्यक्ष मोहिंद्र सिंह, हरियाणा राज्य टेक्निकल ऑफिशियल के अध्यक्ष शमशेर सिंह, और खो-खो कोच मुकेश कुमारी मनाना सहित सभी पदाधिकारियों ने हरियाणा के खिलाड़ियों को बधाई दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा