हिसार : आदमपुर के सुरेश कुमार को मिला 'राष्ट्रीय नवाचार शिक्षक सम्मान'

 


पीजीटी टीचर प्रिया रानी को भी मिला पुरस्कार

हिसार, 28 सितंबर (हि.स.)। शिक्षा सागर फाउंडेशन भारत की ओर से कुरुक्षेत्र

में आयोजित राष्ट्रीय स्तरीय कार्यक्रम में राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय,

आदमपुर मंडी के हिंदी प्रवक्ता सुरेश कुमार को ‘राष्ट्रीय नवाचार शिक्षक सम्मान’ से नवाजा गया है। इस

भव्य समारोह में देश भर के 23 राज्यों से आए शिक्षकों ने भाग लिया, जिनमें शिक्षा के

क्षेत्र में उत्कृष्ट एवं नवाचारी कार्य करने वाले शिक्षकों को सम्मानित किया गया।

इनके अलावा गवर्नमेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, गांव कालवास की इतिहास की पीजीटी टीचर

प्रिया रानी को भी यह प्रतिष्ठित सम्मान मिला है।

सुरेश कुमार को यह प्रतिष्ठित सम्मान शिक्षा जगत में उनके द्वारा किए जा रहे

अभिनव प्रयोगों और पूर्ण समर्पण के लिए दिया गया है।

वह बीते कई वर्षों से विद्यार्थियों

की शैक्षणिक उन्नति और विद्यालय की छात्र संख्या (स्ट्रेंथ) बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत

हैं। शिक्षा को केवल कक्षा तक सीमित न रखकर, वे विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों

से भी नियमित संपर्क व संवाद स्थापित करते हैं। उनके इस प्रयास से अभिभावक बच्चों की

शिक्षा से सीधे जुड़ रहे हैं, जिसके फलस्वरूप विद्यालय के शैक्षणिक परिणामों में निरंतर

सुधार देखने को मिला है। शिक्षा के प्रति उनके इस समर्पण, संवाद शैली और नवाचारी प्रयासों

को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलना पूरे विद्यालय और आदमपुर क्षेत्र के लिए बड़े गौरव

का विषय है। सुरेश कुमार की इस शानदार उपलब्धि पर विद्यालय के प्रधानाचार्य, समस्त

स्टाफ सदस्यों, विद्यार्थियों और अभिभावकों ने उन्हें हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल

भविष्य की कामना की है।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर