हिसार : एचएयू के केवीके सदलपुर को मिला सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार
यह सम्मान किसानों के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी का
प्रतीक : प्रो. बीआर कम्बोज
हिसार, 12 जून (हि.स.)। हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान केन्द्र,
सदलपुर (हिसार) को किसानों के हित में किए जा रहे उत्कृष्ट एवं नवाचार पूर्ण कार्यों
के लिए राष्ट्रीय कृषि विज्ञान अकादमी, नई दिल्ली द्वारा प्रतिष्ठित ‘नास धानुका अवार्ड
फॉर एक्सीलेंस इन एग्रीकल्चरल एक्सटेंशन-2026’ के अंतर्गत ‘कृषि प्रौद्योगिकी अनुप्रयोग
अनुसंधान संस्थान’ जोन-2 जोधपुर का सर्वश्रेष्ठ कृषि विज्ञान केन्द्र पुरस्कार प्रदान किया गया
है। यह पुरस्कार कृषि प्रौद्योगिकियों के प्रभावी प्रसार, किसानों तक नवीनतम तकनीकों
के हस्तांतरण तथा ग्रामीण आजीविका संवर्धन में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया
गया है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बीआर कम्बोज ने शुक्रवार काे इस उपलब्धि के लिए केन्द्र के
वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल कृषि विज्ञान केन्द्र की उपलब्धि
नहीं, बल्कि किसानों के प्रति विश्वविद्यालय की प्रतिबद्धता और जिम्मेदारी का प्रतीक
है। उन्होंने कहा कि कृषि विज्ञान केन्द्र, अनुसंधान एवं किसानों के खेतों के बीच एक
मजबूत सेतु के रूप में कार्य कर रहे हैं और नवीनतम कृषि तकनीकों को अंतिम छोर तक पहुंचाने
में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
किसानों, ग्रामीण युवाओं एवं महिला कृषकों को उद्यमिता आधारित गतिविधियों
से जोडक़र उनकी आय बढ़ाने के प्रयासों को और मजबूत करें।
विस्तार शिक्षा निदेशक डॉ. नरेश कौशिक ने बताया कि कृषि विज्ञान केन्द्र, सदलपुर
ने पिछले वर्षों में कृषि नवाचारों के प्रसार, फ्रंटलाइन प्रदर्शनों, किसान प्रशिक्षण
कार्यक्रमों, ऑन-फार्म परीक्षणों तथा डिजिटल कृषि तकनीकों के प्रचार-प्रसार के माध्यम
से किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि यह
सम्मान कृषि प्रसार के क्षेत्र में और अधिक उत्कृष्ट कार्य करने के लिए प्रेरणा प्रदान
करेगा।
कृषि विज्ञान केन्द्र, सदलपुर के वरिष्ठ समन्वयक डॉ. नरेन्द्र कुमार ने इस
उपलब्धि का श्रेय विश्वविद्यालय प्रशासन, वैज्ञानिकों, कर्मचारियों तथा जिले के प्रगतिशील
किसानों के सामूहिक प्रयासों को दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर