जींद : राज्य सरकार प्रदेश के चहुंमुखी एवं समान विकास की पक्षधर : कृष्ण बेदी
जींद, 05 जून (हि.स.)। हरियाणा के सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने कहा कि नरवाना तरक्की का नया सफर तय कर रहा है। क्षेत्र के लिए करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की कार्य योजना तैयार हो चुकी है और इनके पूरा होने पर हलकावासियों को सीधा लाभ मिलेगा। राज्य सरकार प्रदेश के चहुंमुखी एवं समान विकास की पक्षधर है। इसका फायदा नरवाना को भी बराबर मिल रहा है।
कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी शुक्रवार को एसडी महिला कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कैबिनेट मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि जलभराव की वर्षों पुरानी शहर वासियों की समस्या का लगभग 80 प्रतिशत स्थाई समाधान कर दिया गया है । इसके अलावा अन्य आधुनिक सुविधाओं से लैस ई लाइब्रेरी केएम राजकीय कॉलेज में बनाई जाएगी। इस लाइब्रेरी के निर्माण पर पांच करोड़ रुपये की राशि खर्च आएगी। प्रदेश में बनने वाली प्रमुख चार लाइब्रेरियों में से एक होगी, साथ ही केएम कॉलेज में आठ करोड़ रुपये की लागत से ऑडिटोरियम बनाने का भी प्रावधान है। इससे कॉलेज स्टाफ एवं विद्यार्थियों को बहुआयामी कार्यक्रम आयोजित करने की सुविधा मिलेगी।
18 वर्ष के प्रत्येक युवा को मत का अधिकार मिले, यही चुनाव आयोग का उद्देश्य है। कैबिनेट मंत्री कृष्ण कुमार बेदी ने विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण आज पूरी दुनिया की आवश्यकता बन चुका है । बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन तथा ग्लोबल वार्मिंग की चुनौतियों से निपटने के लिए प्रत्येक नागरिक को पर्यावरण बचाने में योगदान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया ( एक पेड़ मां के नाम )अभियान वर्तमान में पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरणादायक उदाहरण साबित हो रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा