सोनीपत: एक किलो से ज्यादा नशीले पदार्थ सहित युवक गिरफ्तार
सोनीपत, 03 सितंबर (हि.स.)। सोनीपत
क्राइम यूनिट सेक्टर-27 की पुलिस ने गांजा तस्करी के मामले में गुरुवार काे एक युवक को गिरफ्तार
किया है। आरोपी की पहचान शिव कॉलोनी निवासी रामबाबू के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके
कब्जे से एक किलो 484 ग्राम गांजा बरामद किया है। आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-27 में
मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस
के अनुसार, एक सितंबर की रात को क्राइम यूनिट सेक्टर-27 में तैनात उप निरीक्षक सुखबीर
अपनी टीम के साथ मुरथल अड्डा पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान सूचना मिली कि शिव कॉलोनी
निवासी रामबाबू गांजा बेचने की फिराक में मुरथल रोड पर गंदे नाले के पास सफेद थैली
लेकर खड़ा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो बताए हुलिए का युवक दिखाई
दिया। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया। ड्यूटी मजिस्ट्रेट
की मौजूदगी में तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद थैली से गांजा बरामद हुआ, जिसका कुल वजन एक किलो 484 ग्राम मिला।पुलिस ने
आरोपी से गांजा रखने का लाइसेंस मांगा, लेकिन वह कोई दस्तावेज पेश नहीं कर सका। क्राइम
यूनिट सेक्टर-27 में तैनात सहायक उप निरीक्षक नरेश ने टीम के साथ कार्रवाई करते हुए
आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस ने बरामद गांजा कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर
दी है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार गुरुवार को आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया,
जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना