यमुनानगर:नगांवा जगीर हत्याकांड में दो गिरफ्तार, अवैध सबंधों में हत्या का आरोप

 




यमुनानगर, 24 अक्टूबर (हि.स.) यमुनानगर के नगांवा जगीर गांव के खेतों में मिले शिव कुमार के शव के मामले में अपराध शाखा-एक की टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में मुख्य आरोपी ने अपने दोस्त के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार की है। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है। डीएसपी रजत गुलिया ने बताया कि 17 अक्टूबर को नगांवा जगीर के खेतों में बुडिया निवासी शिव कुमार का शव मिला था। उसके सिर और शरीर पर गहरी चोटों के निशान थे। शुरुआत में उसकी गुमशुदगी के संबंध में बुडिया थाने में मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान मामले में हत्या की धारा जोड़ी गई। आरोपियों की तलाश के लिए विशेष प्रयास किए गए। अपराध शाखा-एक के प्रभारी एसआई राज कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर यमुना नदी के पास मंडौली गांव के क्षेत्र से नागंवा जगीर निवासी

प्रदीप कुमार और किरण पाल, दोनों को गिरफ्तार किया।

पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में प्रदीप ने दावा किया कि उसकी मां सुनीता और मृतक शिव कुमार के बीच लंबे समय से संबंध थे। आरोपी का कहना है कि उसने शिव कुमार को कई बार ऐसा करने से रोका था, लेकिन बात नहीं बनी।

पुलिस के अनुसार, इसी विवाद के चलते प्रदीप ने अपने दोस्त किरण पाल के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात कही है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान आरोपियों से वारदात की परिस्थितियों, घटनाक्रम और अन्य संभावित साक्ष्यों के संबंध में पूछताछ की जाएगी। मामले की जांच जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार