हिसार : फिजियोथेरेपी में अग्रोहा मेडिकल ने लहराया परचम, मुस्कान ने किया यूनिवर्सिटी टॉप

 


हिसार की मुस्कान ने विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान हासिल कर महाराजा अग्रसेन

मेडिकल कॉलेज का नाम किया रोशन

हिसार, 18 अगस्त (हि.स.)। महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज, अग्रोहा की छात्रा

एवं हिसार निवासी मुस्कान ने बैचलर ऑफ फिजियोथेरेपी द्वितीय वर्ष की परीक्षा में शानदार

प्रदर्शन करते हुए पंडित भगवद् दयाल चिकित्सा विश्वविद्यालय, रोहतक में प्रथम स्थान

हासिल किया है। मुस्कान की इस उपलब्धि से महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज का नाम विश्वविद्यालय

स्तर पर गौरवान्वित हुआ है।

मुस्कान की शानदार सफलता पर महाराजा अग्रसेन मेडिकल कॉलेज की अध्यक्षा सावित्री

जिंदल ने मंगलवार काे उसे बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां किसी भी शिक्षण

संस्थान के लिए सबसे बड़ा गौरव होती हैं। उन्होंने कहा कि मुस्कान ने अपनी मेहनत, लगन

और प्रतिभा के बल पर न केवल अपने माता-पिता बल्कि पूरे संस्थान का मान बढ़ाया है। उन्होंने

मुस्कान के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि उसकी सफलता अन्य विद्यार्थियों

के लिए भी प्रेरणादायी है।

निदेशक पैरामेडिकल डॉ. आशुतोष शर्मा ने भी मुस्कान को बधाई देते हुए कहा कि

विश्वविद्यालय में प्रथम स्थान प्राप्त करना उसकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों

के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसी उपलब्धियां संस्थान के विद्यार्थियों

को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करती हैं। कॉलेज ऑफ फिजियोथेरेपी के प्राचार्य डॉ.

पवन अग्रवाल ने भी मुस्कान को शुभकामनाएं देते हुए उसकी उपलब्धि पर खुशी जताई। अपनी

सफलता पर मुस्कान ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और कॉलेज प्रबंधन के मार्गदर्शन

एवं सहयोग को दिया। मुस्कान की उपलब्धि पर कॉलेज के शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी

प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उसे बधाई दी और उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर