हिसार : राहुल गांधी पर दिल्ली पुलिस की कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों की हत्या : वजीर पूनिया
नीट पेपर लीक का विरोध कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज
दमनात्मक कार्रवाई
हिसार, 22 जुलाई (हि.स.)। वरिष्ठ कांग्रेसी नेता
एवं ऑल इंडिया राहुल गांधी कांग्रेस कमेटी के सदस्य वजीर सिंह पूनिया ने लोकसभा में
नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी व कांग्रेस सांसदों के साथ दिल्ली पुलिस द्वारा की गई कथित
कार्रवाई की कड़े शब्दों में निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र, संविधान और अभिव्यक्ति की
स्वतंत्रता पर सीधा हमला बताया है।
वजीर सिंह पूनिया ने बुधवार काे कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष
की भूमिका सत्ता से सवाल पूछने और जनता की आवाज़ को संसद से लेकर सड़क तक मजबूती से
उठाने की होती है। यदि सरकार जनप्रतिनिधियों की आवाज़ को पुलिस बल के सहारे दबाने का
प्रयास करती है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए अत्यंत चिंताजनक और दुर्भाग्यपूर्ण
है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण एवं संवैधानिक तरीके से विरोध दर्ज कराने वाले सांसदों
के साथ कथित धक्का-मुक्की, उन्हें बलपूर्वक रोकना और उनकी आवाज़ को दबाने का प्रयास
लोकतंत्र की आत्मा को आहत करने वाला है। इतिहास ऐसे घटनाक्रमों को लोकतंत्र के काले
अध्याय के रूप में याद रखेगा।
कांग्रेस नेता पूनिया ने कहा कि राहुल गांधी लगातार
किसानों, युवाओं, बेरोजगारों, गरीबों और वंचित वर्गों की आवाज़ को देश की संसद में
उठाते रहे हैं। ऐसे जननेता को निशाना बनाकर सरकार यह संदेश देना चाहती है कि जो भी
सत्ता से सवाल पूछेगा, उसे दमन का सामना करना पड़ेगा। लेकिन कांग्रेस पार्टी न कभी
झुकी है और न ही भविष्य में लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा की लड़ाई से पीछे हटेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर