पानीपत मेें प्रवासी मजदूर की गला रेतकर हत्या
पानीपत, 27 अप्रैल (हि.स.)। पानीपत के गांव बिहोली में एक युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान बिहार निवासी रणजीत के रूप में हुई है, जो पूर्व सरपंच के खेतों में 12 वर्षों से काम कर रहा था। इस मामले में पुलिस का शक मृतक के ही एक रिश्तेदार पर गया है, जो वारदात के बाद से फरार है।
पुुलिस अनुसार 35 वर्षीय रणजीत गांव बिहोली के पूर्व सरपंच जिले सिंह के खेतों में करीब 12 साल से नौकरी करता था। वह अभी दो महीने पहले ही अपने गांव से वापस काम पर लौटा था। सोमवार सुबह रणजीत का शव बिहोली-बापौली रोड पर रतन के खेत में मिला। अज्ञात हमलावर ने तेजधार हथियार से उसका गला काटकर उसे मौत के घाट उतार दिया था। पुलिस जांच में एक अहम कड़ी सामने आई है। पूर्व सरपंच जिले सिंह के भतीजे अमित ने करीब 15-20 दिन पहले ही विनोद नाम के एक नए नौकर को काम पर रखा था। विनोद, मृतक रणजीत का रिश्तेदार बताया जा रहा है और वह रणजीत के साथ ही खेत में बने कमरे में अपने परिवार सहित रह रहा था।
पुलिस को अंदेशा है कि रविवार रात दोनों ने साथ बैठकर शराब पी थी, जिसके बाद किसी बात को लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ। इसी झगड़े में विनोद ने तेजधार हथियार से रणजीत की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया। विनोद की तलाश के लिए पुलिस टीमें रवाना कर दी गई हैं। वारदात की सूचना मिलते ही डीएसपी आत्माराम और थाना प्रबंधक बापौली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
डीएसपी आत्माराम ने बताया कि हमने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया है और जरूरी साक्ष्य जुटाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया में मामला आपसी झगड़े का लग रहा है। मृतक का साथी और रिश्तेदार विनोद रात से ही गायब है, जिसकी वजह से उस पर शक गहरा है। जल्द ही आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा