पानीपत: बहन की शादी के मौके पर भाई की हत्या
पानीपत, 13 मई (हि.स.)। पानीपत स्थित न्यू दलबीर नगर में एक युवक को चाकू व सुओं से गाेदकर माैत के घाट उतार दिया गया।यह घटना तब घटित हुई मृतक की बहन की शादी थी। पुलिस ने इस मामले में सीसीटीवी फुटेज के आधार पर 13 नामजद आरोपियों सहित अन्य के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मृतक की पहचान न्यू दलबीर नगर निवासी कुणाल के रूप में हुई है। मृतक कुणाल के भाई विकास ने पुलिस को बताया कि छह मई को उनकी बहन संजना की सगाई थी। उसी दिन शाम को आरोपी विक्की सैनी और विकास सैनी ने कुणाल को रास्ते में रोककर पैसों के लेनदेन को लेकर धमकाया और उसके साथ मारपीट की। उस समय कुनाल की मां ने बीच-बचाव कर उसे छुड़वाया था, लेकिन आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी दी थी। उसके बाद 10 मई को बहन की शादी संपन्न हुई थी। अगले दिन 11 मई की देर रात को विक्की सैनी, विकास सैनी, प्रिंस, वासु, राजा, ध्रुव और अन्य करीब 20-25 हमलावर अवैध हथियार, चाकू, बर्फ तोड़ने वाले सुए और लोहे की रॉड लेकर कुणाल के घर में घुस गए।
शादी का माहौल होने के कारण घर में कई रिश्तेदार मौजूद थे, जिन पर हमला कर हमलावर फरार हो गए। थोड़ी देर बाद आरोपी ध्रुव, प्रिंस और वासु दोबारा आए और कुणाल को घर से बाहर बुलाकर ले गए। कुछ ही समय बाद परिजनों को सूचना मिली कि आरोपियों ने कुणाल पर चाकू, सुओं और रॉड से ताबड़तोड़ हमला कर उसकी हत्या कर दी है। गंभीर हालत में पुलिस उसे नागरिक अस्पताल ले गई, जहां से उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया, लेकिन इलाज के दौरान मंगलवार की रात उसकी मौत हो गई।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि जब वे अस्पताल में थे, तब भी आरोपी वहां पहुंच गए और पुलिस प्रशासन में अपनी ऊंची पहुंच का रौब दिखाते हुए उन्हें जान से मारने की धमकी दी। थाना किला पुलिस ने विकास की शिकायत पर विक्की सैनी, विकास सैनी, प्रिंस, वासु, राजा, ध्रुव, वरुण, कुलदीप, कन्हैया, विशाल, सहपाल, राहुल और जाटनी का लड़का सहित पांच अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। बुधवार को मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा