सिरसा:जमीनी विवाद में पिता की हत्या का आरोपी पुत्र गिरफ्तार

 


सिरसा, 07 अप्रैल (हि.स.)। सिरसा जिले के गांव अहमदपुर दारेवाला मर्डर केस में पुलिस ने आरोपी पुत्र राम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। सदर थाना प्रभारी शैलेंद्र कुमार ने मंगलवार को बताया कि घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए सीआईए डबवाली व सदर थाना पुलिस की दो टीमों का गठन किया और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुत्र रामसिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने मृतक जसवंत सिंह के दोहते गुरदास सिंह की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज किया था।

गुरदास सिंह ने बताया कि वह अपने पिता की मृत्यु के बाद अपनी माता के साथ अपने नाना जसवंत सिंह के घर पर रहता है। जो उसकी माता ने अपने हिस्से की जमीन बेचकर अहमदपुर दारेवाला में जमीन खरीद रखी है। इसी जमीन को लेकर उसके मामा राम सिंह व नाना जसवंत सिंह के साथ विवाद चल रहा था। बीती 5 अप्रैल को वह अपने नाना जसवंत सिंह व मामा गुरविंदर सिंह के साथ खेत में पानी लगाने के लिए बिज्जूवाली जा रहे थे। आरोपी राम सिंह पीछे से अपनी जीप लेकर आया और उसके नाना जसवंत सिंह को टक्कर मार दी, जिससे उसके नाना के सिर, दोनों पैर व शरीर पर चोटें लगी। वारदात के बाद राम सिंह अपनी जीप सहित मौके से भाग गया। घायल जसवंत सिंह को नागरिक अस्पताल में ले जाया गया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने रेफर कर दिया। बठिंडा एम्स में ले जाते समय रास्ते में उसके नाना जसवंत की मौत हो गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Chand Sharma