हांसी : पुलिस को देखकर छत से कूदे मर्डर के आरोपी, हुए चाेटिल
सूरज जैन मर्डर केस में पुलिस ने दबोचे आरोपी
हांसी, 16 जून (हि.स.)। नेशनल हाईवे पर स्थित
मार्केट में जॉकी शोरूम के मैनेजर सूरज की हत्या के मामले में हांसी पुलिस को सफलता
मिली है। पुलिस ने इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी साहिल बामल और विकास मलिक को गिरफ्तार
कर लिया है। दोनों आरोपी लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से बचने का प्रयास कर रहे थे।
पुलिस प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि सीआईए-2
हांसी की टीम को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी सेक्टर-5 स्थित क्वार्टरों में छिपे
हुए हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर दबिश दी और आरोपियों को घेर
लिया। सीआईए-1 प्रभारी इंस्पेक्टर मनदीप कुमार के अनुसार पुलिस को देखते ही दोनों आरोपियों
ने गिरफ्तारी से बचने के लिए बिल्डिंग से छलांग लगा दी। इस दौरान उनके पैरों में चोटें
आईं, लेकिन पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को मौके पर ही काबू कर लिया।
घायल अवस्था में दोनों आरोपियों को उपचार के लिए
हांसी के सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। पुलिस मामले में आगे की पूछताछ कर
रही है और हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। सूरज हत्याकांड
के मुख्य आरोपियों की इस गिरफ्तारी को पुलिस की एक अहम उपलब्धि माना जा रहा है, जिससे
मामले के कई महत्वपूर्ण खुलासे होने की उम्मीद है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि साहिल ने
एक तरफा प्यार में अंधा होकर गर्लफ्रेंड के लिए गुस्से में आकर सूरज जैन के पेट में
चाकू घोंपा था। इसके बाद आरोपी वहां से भाग निकले थे।
मामले के अनुसार गत 30 मई को रात चार वक एक काले
रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर बाजार में आए थे। यह सूरज के दोस्त ही बताए गए
हैं। किसी बात को लेकर सूरज से उनकी बहस हो गई। सूरज ने उन्हें शांत करने की कोशिश
की, लेकिन वे नहीं माने। पुलिस जांच में सामने आया था कि शोरूम मैनेजर
सूरज जैन की हत्या गर्लफ्रेंड को लेकर हुई थी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर