एमपीएचडब्ल्यू कर्मचारियों की मांगों पर सरकार करेगी वार्ता

 

-स्वास्थ्य मंत्री के आवास पर होगी बैठक

चंडीगढ़, 27 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा में लंबित मांगों को लेकर आंदोलनरत बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कर्मचारियों (एमपीएचडब्ल्यू) को सरकार ने वार्ता के लिए बुला लिया है। 28 जुलाई की शाम चंडीगढ़ स्थित स्वास्थ्य मंत्री के आवास पर अधिकारियों की मौजूदगी में बैठक होगी। एसोसिएशन का कहना है कि यदि इस बार भी मांगों पर ठोस फैसला नहीं हुआ तो प्रदेशव्यापी आंदोलन को और तेज किया जाएगा।एमपीएचडब्ल्यू एसोसिएशन की प्रदेश अध्यक्ष शर्मिला देवी, राज्य महासचिव सहदेव आर्य सांगवान और प्रदेश प्रेस सचिव संदीप कुंडू ने बताया कि कर्मचारियों ने 5 जुलाई को रेवाड़ी स्थित स्वास्थ्य मंत्री के रामपुरा हाउस आवास पर रोष प्रदर्शन किया था। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री ने अधिकारियों के साथ विस्तृत वार्ता के लिए 28 जुलाई को चंडीगढ़ बुलाया है। संशोधित ई-मेल के अनुसार बैठक शाम पांच बजे स्वास्थ्य मंत्री के सरकारी आवास पर होगी।

एसोसिएशन के अनुसार, एनएचएम में कार्यरत महिला एमपीएचडब्ल्यू को न्यायालय के आदेश के अनुरूप नियमित करने, कैडर को एफपीएल-6 वेतनमान का लाभ देने, एमसीएच, ड्रेस व यात्रा भत्ता लागू करने, सेवानिवृत्ति लाभ देने, तबादला नीति बनाने, शहरी क्षेत्रों में आईपीएचएस मानकों के अनुसार नए पद सृजित कर नियमित भर्ती करने, पदनाम संशोधन, दो वर्ष का प्रोबेशन पूरा कर चुकी महिला एमपीएचडब्ल्यू को कन्फर्म करने, प्रमोशन स्केल जारी करने, तबादले खोलने तथा वर्ष 2020-23 की लंबित एलटीसी देने सहित अनेक मांगें लंबे समय से लंबित हैं।

प्रदेश अध्यक्ष शर्मिला देवी ने कहा कि कर्मचारी वार्ता से सकारात्मक परिणाम की उम्मीद कर रहे हैं। वहीं राज्य महासचिव सहदेव आर्य सांगवान ने सरकार से समय रहते न्यायोचित मांगों का समाधान करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि बैठक बेनतीजा रही तो एमपीएचडब्ल्यू वर्ग बड़े आंदोलन की ओर बढ़ेगा। एसोसिएशन का कहना है कि ऐसी स्थिति में स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ने वाले प्रभाव की जिम्मेदारी सरकार की होगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा