हिसार में राजकीय महिला कॉलेज ने तीन संस्थानों के साथ किया एमओयू

 


हिसार, 06 अप्रैल

(हि.स.)। राजकीय महिला महाविद्यालय की ओर से छात्राओं के कौशल विकास, रोजगारोन्मुख

शिक्षा एवं समग्र व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तीन महत्वपूर्ण संस्थानों

के साथ समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर किए गए।

महाविद्यालय ने

आर्यावर्त अकादमी, हिसार, दिव्या मेकओवर्स, हिसार तथा वी-डर्मा ब्यूटी एकेडमी एवं क्लीनिक,

हिसार के साथ ये एमओयू किए हैं। ये समझौते राष्ट्रीय शिक्षा नीति (एनईपी) के अनुरूप

छात्राओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण, इंटर्नशिप एवं उद्योग से जुड़ी कौशल शिक्षा प्रदान

करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम हैं।

इन एमओयू के अंतर्गत

छात्राओं के लिए चार से छह सप्ताह (लगभग 120 घंटे) के इंटर्नशिप प्रोग्राम, कार्यशालाएं,

सेमिनार एवं विभिन्न स्किल डेवलपमेंट कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आर्यावर्त अकादमी

के माध्यम से जीवन कौशल, मानसिक विकास, स्मरण शक्ति, एकाग्रता, व्यक्तित्व विकास एवं

करियर मार्गदर्शन जैसे विषयों पर प्रशिक्षण दिया जाएगा।

दिव्या मेकओवर्स

एवं वी-डर्मा ब्यूटी एकेडमी एवं क्लिनिक के सहयोग से ब्यूटी एवं वेलनेस क्षेत्र में

स्किल-आधारित प्रशिक्षण जैसे हेयर एवं स्किन केयर, मेकअप आर्टिस्ट्री, नेल आर्ट, सैलून

मैनेजमेंट, हाइजीन एवं प्रोफेशनल एथिक्स आदि विषयों पर व्यावहारिक प्रशिक्षण उपलब्ध

कराया जाएगा।

महाविद्यालय के

प्राचार्य प्रो. (डॉ.) एसएस सांगा ने साेमवार काे कहा कि ऐसे समझौते छात्राओं को आत्मनिर्भर

बनाने, उद्यमिता को बढ़ावा देने तथा रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने में सहायक सिद्ध

होंगे। इन एमओयू को संपन्न कराने में इंटर्नशिप सेल के समन्वयक सतीश सिंगला एवं एमओयू

समन्वयक की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिनके प्रयासों से यह सहयोग स्थापित हो सका।

इस अवसर पर कंप्यूटर

विज्ञान विभाग के अध्यक्ष अमित बंसल, वी-डर्मा की मैनेजिंग डायरेक्टर सुश्री भावना,

आर्यावर्त अकादमी के मैनेजर मंजीत व दिव्या मेकओवर्स की डायरेक्टर सुश्री दिव्या बत्रा

भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर संबंधित संस्थानों के अन्य प्रतिनिधि एवं महाविद्यालय के

संकाय सदस्य भी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर