हिसार : गुजवि एवं कोड विद्या कंप्यूटर प्रौद्योगिकी अकादमी, फरीदाबाद के बीच हुआ एमओयू
हिसार, 14 अप्रैल
(हि.स.)। गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय एवं कोड विद्या कंप्यूटर
प्रौद्योगिकी अकादमी, फरीदाबाद के बीच एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर
किए गए हैं। यह समझौता शिक्षा, कौशल विकास, अनुसंधान, नवाचार एवं औद्योगिक सहयोग के
क्षेत्र में नई संभावनाओं के द्वार खोलने वाला एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
इस एमओयू पर विश्वविद्यालय
की ओर से कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई तथा कोडविद्या अकादमी की ओर से निदेशक अनुपम
गुप्ता ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलसचिव डा. विजय कुमार, डीन
इंटरनेशनल अफेयर्स प्रो. ओम प्रकाश सांगवान, डिप्टी डायरेक्टर डा. प्रियंका सिंगला,
प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी विभाग की अध्यक्ष डॉ. वंदना तथा विभाग के इंडस्ट्री रिलेशंस समन्वयक
डॉ. बिजेन्द्र कौशिक सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस अवसर पर कुलपति
प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने मंगलवार काे दोनों संस्थानों को इस महत्वपूर्ण समझौते के लिए बधाई दी।
उन्होंने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों के कौशल विकास, रोजगार के अवसरों में वृद्धि
तथा उद्योग की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा प्रदान करने में अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगी।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि इस सहयोग से विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों को राष्ट्रीय
एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। कुलसचिव डा. विजय
कुमार ने इस अवसर पर कहा कि इस एमओेयू का मूल उद्देश्य शिक्षा जगत और उद्योग जगत के
बीच प्रभावी समन्वय स्थापित करना है, ताकि विद्यार्थियों को व्यावहारिक, तकनीकी एवं
रोजगारपरक शिक्षा प्रदान की जा सके। वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल सैद्धांतिक
ज्ञान पर्याप्त नहीं है, इसलिए इस एमओयू के माध्यम से विद्यार्थियों को उद्योग की वास्तविक
आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षित किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर