नूंह: बाइक चोरी गैंग के दो आरोपी गिरफ्तार, चार मोटरसाइकिलें बरामद

 


नूंह, 03 अक्टूबर (हि.स.)। नूंह जिला पुलिस की एंटी व्हीकल थेफ्ट (एवीटी) स्टाफ टीम ने वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए बाइक चोरी करने वाले गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर दिल्ली, फरीदाबाद और मथुरा से चोरी की गई चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद सभी मोटरसाइकिलों पर फर्जी नंबर प्लेट लगी हुई थीं।

जिला पुलिस प्रवक्ता ने शनिवार को बताया कि अपराध और वाहन चोरी पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत एवीटी स्टाफ की टीम अपराध गश्त एवं वाहन चोरी की जांच कर रही थी। इसी दौरान टीम ने दो संदिग्ध आरोपियों को काबू किया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रहीश निवासी जकोकर, थाना बिछौर और वसीम निवासी खेड़ला, थाना शहर नूंह के रूप में हुई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने वाहन चोरी की वारदातों का खुलासा किया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने चार चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं।

जांच में सामने आया कि बरामद मोटरसाइकिलों में एक दिल्ली के सुभाष पैलेस थाना क्षेत्र, दूसरी दिल्ली के किशनगढ़ थाना क्षेत्र, तीसरी उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले के एक थाना क्षेत्र और चौथी हरियाणा के फरीदाबाद जिले के मुजेसर थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने चोरी की मोटरसाइकिलों पर फर्जी नंबर प्लेट लगा रखी थीं और उन्हें नूंह क्षेत्र में बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने सभी मोटरसाइकिलों को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ थाना शहर नूंह में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है। पूछताछ के दौरान जिले में वाहन चोरी की अन्य वारदातों तथा गिरोह से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया