झज्जर : स्कॉर्पियो की टक्कर से बाइक सवार की मौत, दोस्त हुआ घायल

 


झज्जर, 05 मार्च (हि.स.)। बहादुरगढ़ में नाहरा नाहरी रोड पर पुल के पास तेज गति स्कॉर्पियो गाड़ी की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई और उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ में प्राथमिक उपचार के बाद घायल युवक को पीजीआई रोहतक में भर्ती करवाया गया है।

बहादुरगढ़ में नाहरा नाहरी रोड पर गुरुवार सुबह हुई दुर्घटना में निकटवर्ती गांव के राजेश की मृत्यु हो गई। वह करीब 35 साल के थे। पुलिस ने बताया कि राजेश और उनका सुभाष नगर निवासी दोस्त अरुण प्रातः लगभग साढ़े पांच बजे मोटरसाइकिल पर सवार होकर दिल्ली की ओर जा रहे थे। वे नाहरा नाहरी रोड पुल के पास पहुंचे, तो सामने से आ रही स्कॉर्पियो गाड़ी की टक्कर लगी। सिर और शरीर के कई अन्य अंगों में गंभीर चोटें आने के कारण अत्यधिक मात्रा में खून बह गया और राजेश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। उनका साथी अरुण गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही लाइन पार थाना पुलिस घटनास्थल पहुंची और राहगीरों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। घायल अरुण को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टर ने पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पीजीआई में भर्ती अरुण की हालत भी गंभीर बताई गई है।

नागरिक अस्पताल बहादुरगढ़ में पोस्टमार्टम करवाने के बाद पुलिस ने राजेश का शव पीड़ित परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा भी लिया। हादसे के कारण घटनास्थल पर बन गई जाम की स्थिति को खुलवाने के लिए पुलिस को काफी देर कोशिश करनी पड़ी। दुर्घटना का कारण बनी स्कॉर्पियो गाड़ी के चालक की तलाश की जा रही है। उसके खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / शील भारद्वाज