पलवल में दो बच्चों की मां नाबालिग लड़के को लेकर फरार, महिला समेत तीन के खिलाफ केस दर्ज
पलवल, 13 मार्च (हि.स.)। पलवल जिले के मुंडकटी थाना क्षेत्र के एक गांव से एक विवाहिता महिला द्वारा नाबालिग लड़के को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने नाबालिग के पिता की शिकायत पर महिला सहित तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुंडकटी थाना प्रभारी संजय कुमार ने शुक्रवार को बताया कि गांव निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसका नाबालिग बेटा 9 मार्च की सुबह करीब साढ़े तीन बजे घर से अचानक लापता हो गया। काफी तलाश के बाद भी जब उसका कोई सुराग नहीं लगा तो परिवार ने मामले की सूचना पुलिस को दी।
शिकायतकर्ता पिता ने आरोप लगाया कि गांव की ही एक विवाहिता महिला, जो दो बच्चों की मां है, उसके बेटे को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई है। पिता का कहना है कि महिला ने गलत तरीके से नाबालिग को अपने प्रभाव में लेकर उसे घर से भगाने की योजना बनाई।
पीड़ित पिता ने अपनी शिकायत में यह भी आरोप लगाया कि इस घटना को अंजाम देने में दो अन्य युवकों ने भी महिला का सहयोग किया। पिता ने आशंका जताई है कि महिला उसके बेटे का शारीरिक और मानसिक शोषण कर सकती है, इसलिए जल्द से जल्द बच्चे को बरामद किया जाना जरूरी है।
पुलिस ने नाबालिग के पिता की शिकायत के आधार पर विवाहिता महिला सहित तीन आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। मुंडकटी थाना पुलिस की टीम महिला और नाबालिग की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
थाना प्रभारी संजय कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और जल्द ही नाबालिग और महिला को बरामद कर लिया जाएगा। आरोपी युवकों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग