सोनीपत में बोलेरो की टक्कर से पलटा ऑटो, मां की मौत तीन बच्चे घायल
सोनीपत, 16 मार्च (हि.स.)। जिले के राई क्षेत्र में रविवार
देर सांय सड़क हादसे में तीन बच्चो की मां की मौत हो गई, जबकि उसके तीन बच्चे और अन्य
सवार घायल हो गए। तेज रफ्तार बोलेरो द्वारा ऑटो को टक्कर मारने से यह हादसा हुआ। टक्कर
लगने से ऑटो सड़क पर पलट गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरो ने तुरंत
घायलों को ऑटो से निकालकर अस्पताल पहुंचाया।
मृतका की पहचान यूपी के सुजानपुर
जिले के गांव कहेलिया निवासी निकिता के रूप में हुई है। वह अपने तीन बच्चों को उत्तर
प्रदेश छोड़ने के लिए जा रही थी, लेकिन रास्ते में ही हादसा हो गया। इस घटना से बच्चों
के सिर से मां का साया उठ गया और परिवार में गहरा शोक फैल गया।
जानकारी के अनुसार रविवार को लिवान
गांव से बिसवां मील चौक की ओर जा रहा ऑटो जब राई गेट के पास पहुंचा तो सामने से आ रही
तेज रफ्तार बोलेरो ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया।
आसपास मौजूद लोगो ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल भिजवाया।
उत्तर प्रदेश निवासी नीरज ने पुलिस
को दी शिकायत में साेमवार काे बताया कि वह अपनी भाभी निकिता और बच्चो के साथ पिछले एक वर्ष से लिवान
गांव में मंदिर के पीछे किराये के मकान में रह रहा था। निकिता गांव भिगान स्थित साबुन
कारखाने में काम करती थी। हादसे के समय वह अपने बच्चे आशुतोष (5 वर्ष), उमेद सिंह
(10 वर्ष) और मोनिका (16 वर्ष) के साथ ऑटो में सवार थी। निकिता गंभीर रूप से घायल हो गई।
अस्पताल ले जाने के बाद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। तीनो बच्चो को चोट लगी है,
हालांकि उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई गई है।
सूचना मिलने पर राई थाना पुलिस मौके
पर पहुंची और शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने बताया कि फरार बोलेरो
चालक की तलाश की जा रही है तथा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरो की फुटेज खंगाली जा रही है
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना