पानीपत: युवक की गला दबाकर हत्या करने के आरोपी मां-बेटा गिरफ्तार

 


पानीपत, 27 मई (हि.स.)। पानीपत के गांव वैसर में युवक को घर पर बुलाकर मारपीट कर उसका गला घोटकर हत्या करने के दो आरोपी मां-बेटे को थाना मतलौडा पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान वैसर निवासी महिला मंजीत और उसके बेटे विकास के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने मिलकर युवक की घर पर पीटकर व गला घोटकर हत्या करना स्वीकार किया है। पुलिस ने बताया कि थाना मतलौडा में वैसर गांव निवासी राजबाला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसका बेटा सतीश 25 मई को खेत में पानी देने के लिए गया था। जो देर रात तक वापिस नहीं आया। रात को सूचना मिली थी कि सतीश की हत्या कर गांव के ही राजेश के मकान की छत पर बने चौबारे के आगे बरामदे में डाला हुआ है। पुलिस ने राजबाला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ़ अभियोग दर्ज कर मामले की जांच व आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

पूछताछ में महिला आरोपी मंजीत ने पुलिस को बताया सतीश की उसके साथ बोल चाल थी। पति राजेश करीब 10-12 साल से लकवा ग्रस्त है, और रात में कम दिखाई देता है। 25 मई की रात वह और पति राजेश घर के उपर वाले कमरे में सो रहे थे। बेटा विकास किसी काम से मतलौडा गया हुआ था। रात को सतीश उनके कमरे में आया और उसके साथ छेड़छाड़ करने लगा, वह नशे में था। विरोध करने पर वह जबरदस्ती करने लगा और दोनों में कहासुनी हो गई। तभी बेटा विकास घर आ गया और शौर सुनकर उपर के कमरे में आया। दोनों ने मिलकर सतीश की थप्पड़ व मुक्कों से पीटाई की। विकास ने सतीश को पकड़कर मुंह दिवार पर मारा। सतीश को नीचे गिराकर वह उसके पैरों पर बैठ गई और विकास ने गले में पड़े परने से गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को उठाकर बरामदे में डाल दिया था। थाना प्रभारी राजेश ने बताया कि पुसिल ने बुधवार को आरोपी मां-बेटे को न्यायालय में पेश किया जहां से आरोपी महिला मंजीत को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया और आरोपी विकास को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा