सोनीपत में मां पर मासूम बेटे की हत्या का आरोप, मामला दर्ज
सोनीपत, 31 जुलाई (हि.स.)। सोनीपत
जिले के गोहाना क्षेत्र के गांव मुंडलाना में दो वर्षीय मासूम की मौत के मामले ने नया
मोड़ ले लिया है। पहले इसे हादसा मानकर अंतिम संस्कार कर दिया गया था, लेकिन बाद में
बच्चे के पिता की शिकायत पर पुलिस ने मां के विरुद्ध हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू
कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही
है।
शिकायत
के अनुसार, बच्चे के पिता ने बताया कि उनका विवाह करीब पांच वर्ष पहले हुआ था। उनके
दो बच्चे हैं, जिनमें एक बेटी और बेटा शामिल है। उनका आरोप है कि उनकी पत्नी
को उन पर किसी अन्य महिला से संबंध होने का संदेह रहता था। इस बात को लेकर दोनों के
बीच अक्सर विवाद होता था। पत्नी को यह भी आशंका थी कि वह बच्चों को अपने पास रखकर उसे
छोड़ देंगे।
शिकायत
के अनुसार, 29 जुलाई को वह निजी कार्य से रोहतक गए हुए थे। इसी दौरान सूचना मिली कि
उनका बेटा घर में बनी पानी की होदी में गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई। वह तुरंत बीपीएस
खानपुर कलां अस्पताल पहुंचे। उस समय उन्होंने घटना को हादसा मानते हुए पुलिस को बयान
दिया, जिसके बाद पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया और अंतिम संस्कार कर
दिया गया।
बाद
में घर पहुंचकर जानकारी जुटाने पर उन्हें संदेह हुआ कि उनके बेटे को जानबूझकर पानी
की होदी में डुबोया गया है। इसके बाद उन्होंने पुलिस चौकी मुंडलाना में नई शिकायत देकर
अपनी पत्नी पर बेटे की हत्या का आरोप लगाया।
पुलिस
के अनुसार, घटना की सूचना मिलने पर एएसआई रामबीर अस्पताल पहुंचे और शुरुआती बयान दर्ज
किए। पुलिस ने एफएसएल टीम की मौजूदगी में घटनास्थल का निरीक्षण कराया। मौके से होदी
के पानी का नमूना, निप्पल, एक कपड़ा, घर से मिला एक लिखित नोट तथा पोस्टमार्टम के दौरान
चिकित्सकों द्वारा दिए गए सीलबंद पैकेट को कब्जे में लेकर जांच में शामिल किया गया
है।
सदर
गोहाना थाना पुलिस ने शिकायत और प्रारंभिक जांच के आधार पर हत्या का मामला दर्ज कर
लिया है। मामले की सूचना वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और क्षेत्रीय मजिस्ट्रेट को भी भेज
दी गई है। पुलिस का कहना है कि एफएसएल रिपोर्ट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, जब्त किए गए साक्ष्यों
और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले के हर पहलू की जांच
जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना