हरियाणा विधानसभा में मानसून सत्र की तैयारियां शुरू

 


-स्पीकर हरविन्द्र कल्याण ने की समीक्षा बैठकचंडीगढ़, 20 अगस्त (हि.स.)। हरियाणा विधानसभा में मानसून सत्र की तैयारियां शुरू हो चुकी हैं। गुरुवार को हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंद्र कल्याण ने विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक करके सत्र के आयोजन पर रिपोर्ट ली। विधानसभा का सत्र 27 अगस्त से शुरू होने जा रहा है। उसके बाद तीन दिन अवकाश रहेगा। विधान सभा अध्यक्ष ने सचिवालय की सभी शाखाओं को अपने-अपने दायित्वों का समयबद्ध ढंग से निर्वहन करने तथा यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए कि सत्र शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह मुकम्मल हों। उन्होंने कहा कि छोटे-छोटे सुधारों से बड़े बदलाव आते हैं। सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने कार्य की स्पष्टता रहनी चाहिए और हमारा प्रयास रहना चाहिए कि हर सत्र पिछले सत्र से बेहतर हो। व्यवस्था के नाते हमसे जो अपेक्षाएं रहती हैं, उन पर खरा उतरें।

उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सत्र के दौरान सदस्यों, मीडिया तथा आगंतुकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए संबंधित व्यवस्थाओं की समय रहते समीक्षा कर ली जाए। उन्होंने विशेष रूप से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और संभावित आवश्यकताओं को पहले से चिह्नित कर उनका समाधान सुनिश्चित करने पर जोर दिया। विधान सभा कर्मचारी सदस्यों व आगंतुकों के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार रखें। विधान सभा अध्यक्ष ने कहा कि सत्र की तैयारियों में किसी भी स्तर पर लापरवाही या कमी की गुंजाइश नहीं होनी चाहिए। सभी अधिकारी अपने दायित्वों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करें, ताकि सदन की कार्यवाही निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्बाध रूप से संचालित हो सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा