सोनीपत: सेवा संकल्प से जन-जन तक पहुंचाएंगे मोदी का सेवाभाव: डॉ. अर्चना गुप्ता
सोनीपत, 05 सितंबर (हि.स.)। भाजपा
प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता शनिवार को यहां जिला कार्यालय स्वर्ण कमल में
सेवा संकल्प अभियान की तैयारियों को लेकर आयोजित कार्यशाला में कार्यकर्ताओं को संबोधित
किया। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलने वाले अभियान के दौरान कार्यकर्ता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन के सेवा भाव को जन-जन तक
पहुंचाएंगे और सरकार तथा आमजन के बीच सेतु की भूमिका निभाएंगे।
डॉ.
अर्चना गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन
सेवा, समर्पण, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के संकल्प की यात्रा है। कार्यकर्ता लाभार्थियों
और पात्र परिवारों से संपर्क कर उनकी समस्याएं समझें और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने
में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता सरकार की उपलब्धियां बताने के साथ जनता
की अपेक्षाएं और सुझाव भी संगठन तथा सरकार तक पहुंचाएं।
उन्होंने
बताया कि अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम से होगी। बूथ स्तर
पर कार्यकर्ता परिवारों और लाभार्थियों के साथ दीप प्रज्ज्वलित करेंगे। इसके लिए प्रदेश
से लेकर बूथ स्तर तक जिम्मेदारियां तय की गई हैं। बच्चों और युवाओं को विकसित भारत
के संकल्प से जोड़ने के लिए स्कूलों में चित्रकला और भाषण प्रतियोगिताएं कराई जाएंगी।
नमो सेवा गाथा के तहत नुक्कड़ नाटकों और अन्य रचनात्मक कार्यक्रमों के जरिए प्रधानमंत्री
के सार्वजनिक जीवन व जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी जाएगी।
कहानी बदलाव की कार्यक्रम
में योजनाओं से लाभान्वित लोगों की वास्तविक सफलता की कहानियां जनता तक पहुंचाई जाएंगी।
सेवा ज्योति यात्रा गांव-गांव पहुंचकर लोगों को विकसित भारत के सामूहिक संकल्प से जोड़ेगी। सेवा
मेरा अभियान के तहत नागरिकों को सेवा गतिविधियों से जोड़ा जाएगा, जबकि सेवा सेतु शिविरों
में पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग किया जाएगा। इस अवसर पर
विधायक निखिल मदान, विधायक कृष्णा गहलावत, विधायक पवन खरखौदा, मेयर राजीव जैन, पूर्व
मंत्री कविता जैन और जिलाध्यक्ष अशोक भारद्वाज, महामंत्री नीरज कुमार ठरु सहित कई पदाधिकारी
और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना