बायो गैस प्लांट के विरोध में मुखर हुए लोग, संसद और प्रदेश की विधानसभा में गूंजेगा मामला

 


जींद, 10 मई (हि.स.)। जींद के गोहाना रोड पर रिहायशी क्षेत्र में बने बायो गैस प्लांट के विरोध का मसला संसद व हरियाणा प्रदेश की विधानसभा में गूंजेगा। कांग्रेस के सांसद और विधायक, लोकसभा के साथ-साथ विधानसभा सत्र में इस मसले को उठाएंगे। बायो गैस प्लांट के विरोध में रविवार को महापंचायत का आयोजन किया गया। इसमें कांग्रेस की और से सांसद दीपेंद्र हुड्डा के प्रतिनिधि के तौर पर पहुंचे बरौदा विधायक इंदुराज नरवाल सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी, आप नेता, किसान संगठनों, खापों, पार्षदों, सरपंचों ने शिरकत की। विधायक इंदुराज सिंह नरवाल ने कहा कि सांसद दीपेंद्र हुड्डा को इस महापंचायत में आना था। किंतु दिल्ली में अचानक विशेष मीटिंग तय होने के कारण उन्होंने मुझे अपने प्रतिनिधि के तौर पर यह कह कर भेजा है कि बायो गैस प्लांट के रूप में बनाये गये मौत के चेंबर को रिहायशी क्षेत्र से उठवाने का काम करेंगे।

कांग्रेस के सांसद जहां इस मसले पर लोकसभा में गूंजेंगे वहीं आने वाले विधानसभा सत्र में नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व में आवाज बुलंद कर सरकार को मजबूर कर देंगे की वे इस प्लांट को यहां से हटाने का कार्य करें। कांग्रेस विधायक ने कहा कि लोगों को अपनी और अपने बच्चों, बुजुर्गों की जिंदगी की सुरक्षा करने का अधिकार है। यह अधिकार संविधान ने दिया हुआ है। ब्राह्मण सभा के पूर्व प्रधान पंडित सियाराम शास्त्री और माजरा खाप के प्रवक्ता समुंद्र सिंह फोर की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित इस महापंचायत में खाप नेता, भाकियू नेता, सामाजिक संगठनों से जुड़े नेता, पार्षद और अनेकाें सरपंच शामिल हुए।

महापंचायत को समर्थन देने के लिए कांग्रेस के जिलाध्यक्ष सरपंच रिषिपाल हैबतपुर, सोनीपत सांसद प्रतिनिधि वजीर गांगोली, आम आदमी पार्टी की महिला प्रदेशाध्यक्ष डा. रजनीश जैन, व्यापार मंडल के जिला प्रधान राजू लखीना, बीज एवं कीटनाशक एसोसिएशन के जिला प्रधान एवं समाज सेवी पवन गर्ग, हरियाणा व्यापार मंडल के प्रदेश प्रवक्ता राजकुमार गोयल, पार्षद सतीश हरियाणवी ईशाक भट्टी सहित अनेक लोग शामिल हुए।

सफीदों के पूर्व विधायक सुभाष गांगोली ने कहा कि बायो गैस प्लांट का रिहायशी क्षेत्र में लगाना बेहद खतरनाक है। यह सीधे तौर पर लोगों की हैल्थ पर डाका है। सरकार को इसे तुरंत हटवा देना चाहिए। यदि भाजपा सरकार ने अपने पूंजीपति मित्र के लिए लोगों की जान को जोखिम में डाला तो इसके विरोध में पूरी कांग्रेस सडक़ों पर खड़ी मिलेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा