हिसार : आईएचएफ ट्रॉफी में स्वर्ण पदक जीतने वाले खिलाडिय़ों का किया स्वागत
हिसार, 18 जून (हि.स.)। बांग्लादेश में आयोजित आईएचएफ ट्रॉफी हैंडबॉल प्रतियोगिता में भारतीय जूनियर एवं यूथ हैंडबॉल टीम द्वारा शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीतकर देश व प्रदेश का नाम रोशन करने पर नलवा विधायक रणधीर पनिहार ने खिलाडिय़ों एवं कोच का गर्मजोशी से स्वागत किया। हिसार पहुंचने पर भारतीय हैंडबॉल टीम के कप्तान विपुल, प्रिंस साहू, नक्श कसवां तथा टीम के कोच अनूप कसवां को विधायक रणधीर पनिहार ने मिठाई खिलाकर, शॉल ओढ़ाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। विधायक ने उन्हें बधाई दी।विधायक रणधीर पनिहार ने गुरुवार को कहा कि इन खिलाडिय़ों ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत का गौरव बढ़ाया है। स्वर्ण पदक जीतना केवल व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं बल्कि पूरे देश, प्रदेश और क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि खिलाडिय़ों की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है कि आज भारत खेलों के क्षेत्र में लगातार नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार तथा मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा सरकार खेलों और खिलाडिय़ों को बढ़ावा देने के लिए अभूतपूर्व कार्य कर रही है। हरियाणा सरकार की खेल हितैषी नीतियों के कारण प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लगातार पदक जीतकर देश का मान बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि युवा खिलाडिय़ों की यह सफलता आने वाली पीढ़ी को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी तथा क्षेत्र के अन्य युवाओं को भी खेलों में आगे बढऩे का उत्साह देगी। विधायक पनिहार ने सभी खिलाडिय़ों एवं कोच अनूप कसवा को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर