हिसार : आमजन की समस्याओं का समाधान सरकार व प्रशासन की प्राथमिकता : रणधीर पनिहार
सेवा संकल्प अभियान के तहत विधायक पनिहार ने सुनी
ग्रामीणों की समस्याएं
सड़क, पेयजल, बिजली और विकास कार्यों से जुड़े
मुद्दे उठे, अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश
हिसार, 26 सितंबर (हि.स.)। नलवा विधायक रणधीर
पनिहार ने कहा है कि आमजन की समस्याओं का समाधान सरकार और प्रशासन की प्राथमिकता है।
ग्रामीणों द्वारा रखी गई समस्याओं पर अधिकारी गंभीरता से कार्रवाई करें तथा जिन मामलों
का समाधान विभागीय स्तर पर संभव है, उनका बिना देरी निपटारा सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने
विकास कार्यों में गुणवत्ता के साथ समयबद्धता पर भी विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
विधायक रणधीर पनिहार शनिवार को अपने निवास पर
क्षेत्र से पहुंचे ग्रामीणों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुन रहे थे। ग्रामीणों ने सड़क,
पेयजल, बिजली, गलियों, नालियों और विभिन्न विकास कार्यों से संबंधित समस्याएं विधायक
के समक्ष रखीं। विधायक ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों
के अधिकारियों से बातचीत की और शीघ्र समाधान के लिए आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा
कि केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा आमजन के कल्याण के लिए अनेक योजनाएं और कार्यक्रम
चलाए जा रहे हैं। इनका उद्देश्य जरूरतमंद एवं पात्र परिवारों तक सीधे लाभ पहुंचाना
है। अधिकारियों और कार्यकर्ताओं को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि इन योजनाओं की जानकारी
प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचे, ताकि कोई भी व्यक्ति सरकारी सुविधाओं से वंचित न
रहे।
सेवा संकल्प अभियान के तहत विधायक ने ग्रामीणों
को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों की जानकारी भी दी। उन्होंने कहा कि अभियान
का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति
तक पहुंचाना है। उन्होंने ग्रामीणों से स्वयं योजनाओं की जानकारी लेने और पात्र लोगों
को इनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर