सोनीपत: विधायक निखिल व पूर्व मेयर राजीव जैन ने किया विकास कार्यों का शुभारंभ
सोनीपत, 06 अप्रैल (हि.स.)। सोनीपत
में वार्ड नं 20 के कोर्ट रोड स्थित क्षेत्र में सीवरेज समस्या के समाधान के लिए लगभग
17 लाख रुपये की लागत से नई सीवरेज लाइन बिछाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। इस कार्य
का शुभारम्भ विधायक निखिल मदान और पूर्व मेयर राजीव जैन ने पूर्व पार्षद नीतू दहिया
के साथ नारियल तोड़कर किया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों की उपस्थिति रही और लोगों
ने विकास कार्यों के लिए आभार व्यक्त किया।
विधायक
निखिल मदान ने सोमवार को बताया कि सोनीपत के वार्ड नं 20 में कोर्ट रोड पर स्थित हिंदू सीनियर
सेकेंडरी स्कूल के पास पुरानी सीवरेज लाइन जर्जर हो चुकी थी। इसके कारण क्षेत्र में
दूषित जल भराव और सीवरेज ओवरफ्लो की समस्या लगातार बनी हुई थी। स्थानीय नागरिकों ने
समस्या को संज्ञान में लाया, जिसके बाद नई सीवरेज लाइन बिछाने का प्रस्ताव तैयार कर
टेंडर प्रक्रिया सम्पन्न की गई। अब इस परियोजना को शुरू कर दिया गया है और इसे शीघ्र
पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि यह नई लाइन हिंदू स्कूल से लेकर
पंचायत भवन तक मुख्य सीवरेज लाइन से जोड़ी जाएगी। इसके साथ शहर के अन्य वार्डों में
भी सड़क, गली निर्माण और सीवरेज से जुड़े कार्य प्रगति पर हैं, जिन्हें निर्धारित समय
में पूरा करने का प्रयास जारी है।
पूर्व
मेयर राजीव जैन ने कहा कि इस सड़क से रोजाना स्कूली बच्चों का आवागमन होता है। पुरानी
लाइन के कारण जल भराव और जाम की समस्या से नागरिकों को परेशानी झेलनी पड़ रही थी। नई
लाइन बिछने से क्षेत्र में स्वच्छता सुधरेगी और नागरिकों को राहत मिलेगी।
उन्होंने
बताया कि निर्माण कार्य इसी माह में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस
अवसर पर पूर्व निगम पार्षद नीतू दहिया, राजेश दहिया, हेमा चतुर्वेदी, सुरेश गुप्ता,
अजय गुप्ता, विजेंद्र सिंह, योगेंद्र सिंह, राम सिंह त्यागी, दिलबाग सिंह हुड्डा व संजय
पालीवाल आदि लोग मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना