सोनीपत में विधायक व मेयर 82 लाख रुपये से पार्कों का नवीनीकरण शुरु करवाया
सोनीपत, 26 जून (हि.स.)। रोहतक रोड स्थित सिटी पार्क में शुक्रवार को वार्ड संख्या 16 के विभिन्न पार्कों में
लगभग 82 लाख रुपये की लागत से होने वाले विकास कार्यों का शुभारंभ किया गया। इस मौके
पर विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन ने नारियल तोड़कर विकास कार्यों की शुरुआत
की। कार्यक्रम में निगम पार्षद अनुराग जैन, पार्षद प्रत्याशी रहे नवीन मंगला आदि साथ
रहे। स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया और विकास कार्यों के लिए आभार
जताया।
वार्ड
संख्या 16 के सिटी पार्क, महाराजा अग्रसेन पार्क, शास्त्री पार्क और इंडस्ट्रियल एरिया
के पार्कों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। इन पार्कों में ओपन जिम, बच्चों के झूले, वाकिंग
ट्रैक की मरम्मत, सौंदर्यीकरण और नए पौधों का रोपण किया जाएगा। साथ ही पार्कों को साफ-सुथरा
और सुविधाजनक बनाने पर जोर दिया जाएगा ताकि बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी यहां समय बिता
सकें और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहें।
विधायक
निखिल मदान ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फिट इंडिया मिशन के तहत सभी पार्कों
का विकास किया जा रहा है ताकि लोग नियमित रूप से व्यायाम करें और स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं।
उन्होंने बताया कि विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जा रहा है और
किसी भी स्तर पर देरी नहीं होने दी जाएगी।
मेयर
राजीव जैन ने कहा कि वार्डों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करना नगर निगम की प्राथमिकता
है। उन्होंने बताया कि विभिन्न क्षेत्रों में सीवरेज, पेयजल और सड़क निर्माण के कार्य
लगातार चल रहे हैं और आगे भी तेजी से पूरे किए जाएंगे। इस अवसर पर पार्षद अनुराग जैन
सहित अन्य स्थानीय प्रतिनिधि और नागरिक उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना