जींद : चार अप्रैल को सीएम नायब सैनी की धन्यवाद रैली खोलेगी विकास के द्वार : विधायक रामकुमार
जींद, 01 अप्रैल (हि.स.)। सफीदों विधायक रामकुमार गौतम ने कहा है कि चार अप्रैल को सीएम नायब सैनी की धन्यवाद रैली क्षेत्र के विकास की दृष्टि से ऐतिहासिक साबित होगी। क्योंकि इसमें करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया जाएगा। साथ ही कई नई योजनाओं की घोषणाएं भी की जाएंगी। जिनसे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी और जनता को सीधा लाभ पहुंचेगा।
विधानसभा क्षेत्र सफीदों के विधायक रामकुमार गौतम ने बुधवार को पिल्लूखेड़ा अनाज मंडी में जनसंपर्क अभियान चलाते हुए आमजन की समस्याएं सुनीं और मौके पर ही कई समस्याओं का समाधान किया। इस दौरान क्षेत्र के लोगों ने अपनी विभिन्न मांगों और समस्याओं से संबंधित मांग पत्र विधायक को सौंपे। जिन्हें उन्होंने गंभीरता से स्वीकार करते हुए आश्वासन दिया कि सभी मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
विधायक रामकुमार गौतम ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए वे निरंतर इसी प्रकार सक्रिय रहेंगे। इस रैली के माध्यम से सफीदों विधानसभा क्षेत्र की तस्वीर बदलने का कार्य किया जाएगा। उन्होंने सभी वर्गों, बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों, से अपील की कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर रैली को सफल बनाएं और मुख्यमंत्री का जोरदार स्वागत करें। उन्होंने कहा कि जनता की भागीदारी ही किसी भी कार्यक्रम की सफलता का आधार होती है। जनसंपर्क अभियान के दौरान विधायक रामकुमार गौतम ने लोगों से सीधा संवाद स्थापित किया और उनकी परेशानियों को ध्यानपूर्वक सुना। उन्होंने अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिएए ताकि समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जा सके। इस अवसर पर विधायक रामकुमार गौतम ने आगामी चार अप्रैल को सफीदों की नई अनाज मंडी में आयोजित होने वाली मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धन्यवाद एवं विकास रैली में अधिक में अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। इस मौके पर पूर्व विधायक कली राम पटवारी, पिल्लूखेड़ा मार्केट कमेटी के चेयरमैनख् सफीदों मार्केट कमेटी के अध्यक्ष चंद्र सैनी मान सहित अनेक भाजपा नेता मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा