सोनीपत: अगवानपुर में चौपाल का विधायक ने किया लोकार्पण
सोनीपत, 11 नवंबर (हि.स.)। गन्नौर के गांव अगवानपुर में बुधवार काे पांच समाजों को सामूहिक बैठकों
और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए नई चौपाल की सौगात मिली है। लगभग 17 लाख रुपए की लागत
से तैयार चौपाल का क्षेत्रीय विधायक देवेंद्र कादियान ने रिबन काटकर लोकार्पण किया।
उन्होंने चौपाल सैन, प्रजापत, सुनार, जोगी और कश्यप समाज को समर्पित की।
कार्यक्रम
में ग्रामीणों ने विधायक का फूलमाला और पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान ग्रामीणों
ने गांव में विकास कार्यों व मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी मांगें उनके सामने रखी। जिस पर
उन्होंने समाधान का भरोसा दिलाया। विधायक कादियान ने कहा
कि गांवों में विकास का मतलब केवल सड़क और गलियों का निर्माण नहीं, बल्कि ऐसी सामुदायिक
सुविधाएं उपलब्ध करवाना भी है, जो लोगों को आपस में जोड़ें। चौपाल ग्रामीण जीवन का महत्वपूर्ण
केंद्र होती है, जहां लोग एकत्र होकर सामाजिक विषयों पर चर्चा करते है और आपसी भाईचारे
को मजबूत बनाते है। पांच समाजों के लिए इस चौपाल का निर्माण इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण
कदम है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास में ग्रामीणों की जरूरतों और सुझावों को
प्राथमिकता दी जा रही है। गांवों में बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार
प्रयास किए जा रहे है। इस अवसर पर सरपंच मंजीत कुमार, पूर्व सरपंच रामचंद्र, सुभाष
प्रजापत, रणसिंह सैन, मनोज सैन, राजू मलिक, मेहर सिंह प्रजापत, कृष्ण पंड़ित, दिलबाग
सैन, जगमिंद्र त्यागी, विनोद त्यागी, सतबीर, राजेंद्र, महेंद्र प्रजापत, जगदेव भारद्वाज,
राजल, सतबीर पंच आदि मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना