मिशन 2036 ओलंपिक: स्कूल स्तर से तराशी जाएगी खेल प्रतिभाएं

 

-खिलाडिय़ों को समय पर मिलेंगे संसाधन व खुराक भत्ता

चंडीगढ़, 24 जून (हि.स.)। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने कहा कि हरियाणा के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में लगातार पदक जीतकर पूरे विश्व में देश व प्रदेश का गौरव बढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हमारे स्कूली विद्यार्थियों में भी अद्भुत खेल प्रतिभा छिपी हुई है, जिसे जमीनी स्तर पर और ज्यादा तराशने की जरूरत है ताकि भविष्य में पदकों की संख्या में भारी बढ़ोतरी की जा सके। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वर्ष 2036 में होने वाले ओलंपिक खेलों को ध्यान में रखते हुए अभी से रणनीति तैयार की जाए। मिशन 2036 ओलंपिक में देश के खिलाड़ी ज्यादा से ज्यादा पदक जीत सकें, इसके लिए स्कूलों में खेल गतिविधियों को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जाएगा।

शिक्षा मंत्री बुधवार को हरियाणा सिविल सचिवालय में शिक्षा विभाग व खेल विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की संयुक्त समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। मंत्री ने कहा कि प्रदेश के उभरते हुए खिलाडिय़ों को खेल के आधुनिक सामान, बुनियादी सुविधाएं और आवश्यक संसाधन मुहैया करवाने में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रदेश सरकार का उद्देश्य बच्चों के शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी कुशल बनाना है।

खिलाडिय़ों की तैयारी को और अधिक पुख्ता करने के लिए शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर साल स्कूलों का खेल कैलेंडर समय पर तैयार किया जाए। सभी स्कूली खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन इसी तय कैलेंडर के अनुसार ही सुनिश्चित होना चाहिए। इसके साथ ही, प्रतियोगिताओं से पहले खिलाडिय़ों के कौशल को निखारने के लिए कम से कम 10 दिनों के विशेष प्रशिक्षण शिविर (कैंप) अनिवार्य रूप से लगवाए जाएं, ताकि खिलाड़ी मानसिक और शारीरिक रूप से अपनी खेल स्पर्धाओं के लिए पूरी तरह तैयार हो सकें।

शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेलों के विकास के लिए आवंटित किए गए बजट को समय पर और सही जगह खर्च किया जाए, ताकि धरातल पर खिलाडिय़ों को इसका सीधा लाभ और बेहतर सुविधाएं मिल सकें। युवा एथलीटों के स्वास्थ्य और पोषण से कोई समझौता न हो, इसलिए खिलाडिय़ों को मिलने वाला डाइट मनी (खुराक भत्ता) समय पर उनके पास पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / संजीव शर्मा