यमुनानगर : पुलिस ने दो घंटे में गुमशुदा मासूमों को परिवार से मिलाया

 


यमुनानगर, 02 अप्रैल (हि.स.)। पुलिस ने संवेदनशीलता और त्वरित कार्रवाई का परिचय देते हुए दो नाबालिग बच्चियों को मात्र दो घंटे के भीतर उनके परिजनों से मिलवा दिया। इस सराहनीय पहल से न केवल परिजनों को राहत मिली, बल्कि पुलिस की सक्रियता भी उजागर हुई।

पुलिस के अनुसार बुडिया गेट चौकी को सूचना मिली थी कि त्रिवेणी चौक के पास दो छोटी बच्चियां संदिग्ध अवस्था में घूम रही हैं। मौके पर पहुंची टीम ने बच्चियों से पूछताछ की, लेकिन वे अपनी पहचान या घर के बारे में कोई जानकारी नहीं दे सकीं।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए तुरंत एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने आसपास के क्षेत्र में लोगों से जानकारी जुटाई, सीसीटीवी फुटेज खंगाली और सोशल मीडिया के माध्यम से बच्चियों की पहचान सुनिश्चित करने के प्रयास तेज किए। लगातार प्रयासों के परिणामस्वरूप पुलिस ने कम समय में ही बच्चियों के परिजनों का पता लगा लिया और उन्हें सूचना दी। इसके बाद दोनों बच्चियों को सुरक्षित उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।

अपने बच्चों को सकुशल वापस पाकर परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस अधिकारियों ने इस कार्य को टीम की सजगता और समर्पण का उदाहरण बताया। साथ ही आमजन से अपील की गई कि किसी भी गुमशुदा व्यक्ति या संदिग्ध स्थिति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। पुलिस ने कहा कि ऐसे मामलों में त्वरित सूचना और जनसहयोग से ही सकारात्मक परिणाम संभव हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार