गोहाना कोर्ट में गवाही देकर लौट रहे चार युवकों पर फायरिंग

 


सोनीपत, 21 सितंबर (हि.स.)। सोनीपत

के गोहाना में सोनीपत रोड स्थित खरखौदा मोड़ के पास सोमवार को दिनदहाड़े बुलेटप्रूफ

स्कॉर्पियो पर ताबड़तोड़ फायरिंग से हड़कंप मच गया। कोर्ट में गवाही देकर लौट रहे गांव

बड़ौता निवासी रविंद्र, उसके भाई और रिश्तेदार समेत चार लोगों को दो गाड़ियों में सवार

करीब आठ-नौ लोगों ने घेर लिया। बदमाशों ने स्कॉर्पियो के आगे अपनी गाड़ी अड़ाकर रास्ता

रोक दिया और वाहन पर करीब आठ-नौ गोलियां चला दीं। गनीमत रही कि स्कॉर्पियो बुलेटप्रूफ

होने के कारण उसमें सवार चारों लोग सुरक्षित बच गए।

जानकारी

के अनुसार रविंद्र अपने भाई और रिश्तेदारों के साथ स्कॉर्पियो में सवार होकर कोर्ट

में एक मामले की गवाही देने गया था। गवाही देने के बाद सभी लोग वापस लौट रहे थे। गांव

बड़ौता के पास सोनीपत रोड पर दो गाड़ियों में आए बदमाशों ने उनकी स्कॉर्पियो को घेर

लिया। रास्ता रोकने के बाद उन्होंने अचानक गोलियां चलानी शुरू कर दीं। सड़क पर दिनदहाड़े

हुई फायरिंग से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। वारदात के बाद आरोपी अपनी गाड़ियों

में सवार होकर मौके से फरार हो गए।

बताया

जा रहा है कि रविंद्र और विनोद पक्ष के बीच करीब चार से पांच एकड़ जमीन को लेकर पिछले

करीब डेढ़ साल से विवाद चल रहा है। इसी विवाद को फायरिंग की घटना से जोड़कर देखा जा

रहा है। पीड़ित पक्ष का आरोप है कि विनोद पक्ष से जुड़े लोगों ने हमला किया। हालांकि,

फायरिंग के पीछे वास्तविक कारण क्या है और वारदात में कौन लोग शामिल थे, यह पुलिस की

जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।

सूचना

मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से

फायरिंग से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा

रही है। पुलिस आरोपियों की पहचान के साथ उनकी गाड़ियों और वारदात में इस्तेमाल हथियारों

का पता लगाने में जुटी है। पुलिस द्वारा पीड़ित पक्ष के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।

अधिकारियों के अनुसार आरोपियों की पहचान और घटना के कारणों की जांच जारी है तथा तथ्यों

के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना