पलवल में छेड़छाड़ से तंग आकर नाबालिग छात्रा ने दी जान, दो आरोपियों पर केस दर्ज
पलवल, 18 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के पलवल जिले के गदपुरी थाना क्षेत्र के एक गांव में छेड़छाड़ और लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर 16 वर्षीय नाबालिग छात्रा द्वारा आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। छात्रा का शव घर में पंखे से लटका मिला। पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गदपुरी थाना प्रभारी कुलदीप सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता ने शिकायत में कहा कि गांव के ही सलमान और पेप्सी नामक युवक पिछले करीब छह माह से उसकी बेटी का स्कूल जाते और लौटते समय पीछा करते थे। वे उसके साथ छेड़छाड़ करते थे, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान रहने लगी। हालात इतने बिगड़ गए कि छात्रा ने पढ़ाई बीच में ही छोड़ दी।
परिजनों का आरोप है कि जब लड़की ने स्कूल जाना बंद कर दिया तो आरोपी युवक उसके घर के आसपास मंडराने लगे। विरोध करने पर उन्होंने लड़की के भाई के साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
शिकायत के अनुसार, सोमवार को जब लड़की का भाई घर पर अकेला था, तब एक आरोपी जबरन घर में घुस आया और लड़की का हाथ पकड़कर खींचने लगा। विरोध करने पर वह मौके से फरार हो गया। अगले दिन जब परिजन आरोपियों के घर शिकायत करने गए तो वे नहीं मिले।
मंगलवार देर शाम जब पिता ड्यूटी से लौटे तो उन्होंने अपनी बेटी को घर में फंदे से लटका पाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला नागरिक अस्पताल भिजवाया।
जांच अधिकारी ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में केस दर्ज किया है। मामले की जांच डीएसपी नरेंद्र खटाना को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। घटना के बाद गांव में शोक और रोष का माहौल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग