पलवल में नाबालिग से दुष्कर्म, मामला दर्ज
पलवल, 05 अप्रैल (हि.स.)। पलवल जिले के कैंप थाना क्षेत्र में रहने वाली 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ रेप का आरोप सामने आया है। आरोपी युवक पवन ने लड़की को फरीदाबाद ले जाकर रेप किया और अगले दिन बल्लभगढ़ बस स्टैंड पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बच्ची की मां की मुद्देबाद शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो एक्ट की सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
कैंप थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि लड़की की मां ने शिकायत में बताया कि एक अप्रैल की रात को उनकी छोटी बेटी घर से बिना कुछ बताए निकली और लौटकर नहीं आई। जब काफी देर तक उसका पता नहीं चला तो 2 अप्रैल को परिजनों ने किठवाड़ी पुल चौकी में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। बाद में लड़की मिल गई, जिसके बाद पुलिस ने उसकी काउंसलिंग और मेडिकल जांच करवाई ।
4 अप्रैल को नाबालिग लड़की ने अपनी मां को बताया कि पड़ोस का रहने वाला पवन नामक युवक उसे पिज्जा और बर्गर खिलाने के बहाने अपनी बाइक पर बैठाकर फरीदाबाद ले गया। यहां आरोपी ने उसके साथ रेप किया। अगले दिन उसे बल्लभगढ़ बस स्टैंड पर छोड़कर आरोपी फरार हो गया। बच्ची के अनुसार आरोपी ने किसी को घटना के बारे में बताने पर उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
पुलिस के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता की रेप से जुड़ी धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इंस्पेक्टर सुशीला को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण पलवल जिला अस्पताल में किया गया, जिसमें रेप की पुष्टि हुई है। पुलिस के अनुसार आरोपी पवन की तलाश जारी है और उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गुरुदत्त गर्ग