यमुनानगर:मानसिक रूप से अस्वस्थ नाबालिगा से दुष्कर्म के आरोप में दो गिरफ्तार
यमुनानगर, 22 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर महिला थाना पुलिस ने 14 वर्षीय मानसिक रूप से अस्वस्थ नाबालिग के साथ दुष्कर्म के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
महिला थाना प्रभारी शिलावंती ने बताया कि साढौरा क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उसकी नाबालिग पुत्री मानसिक रूप से अस्वस्थ है और घर पर ही रहती है। 17 अप्रैल को दोपहर के समय जब वह अपने कार्य से घर लौटा, तो उसने देखा कि एक अज्ञात व्यक्ति उसकी पुत्री के साथ दुष्कर्म कर मौके से फरार हो गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तुरंत पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए एएसआई कमला के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद उनकी पहचान यमुनानगर के गांव सुल्तानपुर निवासी श्याम लाल तथा गांव टोडरपुर निवासी राम सिंह के रूप में हुई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है। साथ ही पीड़िता के चिकित्सकीय परीक्षण सहित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की गई है। प्राथमिक जांच में घटना की पुष्टि होने के बाद आरोपियों को अदालत में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और न्याय सुनिश्चित करने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार