पानीपत: अवैध देसी पिस्तौल के साथ नाबालिग गिरफ्तार

 


पानीपत, 04 मई (हि.स.)। पानीपत पुलिस ने एक नाबालिग को अवैध देसी पिस्तौल के साथ गिरफ्तार किया है। पूछताछ में नाबालिग आरोपी ने बताया वह कुछ दिन पहले यूपी के शामली में रिश्तेदारी में गया था। वह बाहर घूमने गया तो उसे प्लास्टिक पन्नी में लिपटा उक्त देसी पिस्तौल पड़ा मिला तो उठाकर घर ले आया और बाद में दोस्तों में रौब दिखाने के लिए देसी पिस्तौल को साथ लेकर चलने लगा।

पुलिस ने थाना किला में आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर नाबालिग आरोपी को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जहां से उसे बाल सुधार गृह मधुबन भेज दिया। पुलिस ने बताया कि रविवार को गश्त व जांच पड़ताल के दौरान बबैल रोड पर जगदीश नगर के पास थी। तभी टीम को जगदीश नगर की और से संदिग्ध किस्म का एक युवक पैदल आते हुए दिखाई दिया। युवक पास आने पर सामने खड़ी पुलिस टीम को देखकर एकदम से वापिस मुड़कर तेज कदमों से चलने लगा। पुलिस टीम ने कुछ कदमों पर ही युवक को काबू किया।

तलाशी लेने पर उसकी पहनी हुई जींस पेंट की जेब से एक देसी पिस्तौल बरामद हुआ। पिस्तौल को खोलकर देखा तो अनलोड मिला। पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान नाबालिग के रूप में बताई। थाना किला प्रभारी ने बताया कि नाबालिक आरोपी को आर्म्स एक्ट के तहत अभियोग दर्ज कर रविवार को जुवेनाइल कोर्ट में पेश किया जहां से उसे बाल सुधार गृह मधुबन भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा