सोनीपत में मंत्री व विधायक ने सुनी प्रधानमंत्री के मन की बात, वार्ड कार्यालयों का शुभारंभ किया
सोनीपत, 26 अप्रैल (हि.स.)। कैबिनेट
मंत्री कृष्ण लाल पंवार व विधायक निखिल मदान ने राठधना रोड स्थित वार्ड नंबर नौ से
पार्षद पद के उम्मीदवार मीणा रामनिवास रोहणा के चुनावी कार्यालय पर रविवार को प्रधानमंत्री
नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम मन की बात के 133वां संस्करण को कार्यकर्ताओं के साथ सुना। इसके बाद विधायक
ने वार्ड नंबर एक से हरि प्रकाश सैनी, वार्ड नंबर दो से मुकेश बामणिया, वार्ड नंबर
तीन से सुरेंद्र मदान, वार्ड नंबर चार से त्रिभुवन कौशिक, वार्ड नंबर ग्यारह से संगीता
सैनी, वार्ड नंबर तेरह से महेश लूथरा, वार्ड नंबर चौदह से किरण चांदना और वार्ड नंबर
पंद्रह से संजीव वालेचा के चुनावी कार्यालयों का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम
में प्रधानमंत्री के संबोधन की प्रमुख बातें साझा की गईं। उन्होंने बताया कि नेशनल
आर्काइव्स ऑफ इंडिया ने एक विशेष पोर्टल पर 20 करोड़ से अधिक दस्तावेज डिजिटाइज कर
सार्वजनिक किए हैं। इनमें सातवीं शताब्दी की गिलगित पांडुलिपियां और आठवीं शताब्दी
का ग्रंथ श्री भुवलय शामिल है। नेताजी सुभाष, आजाद हिन्द फौज और पंडित मदन मोहन मालवीय
से जुड़े दस्तावेज भी उपलब्ध हैं, जिनमें बीएचयू की स्थापना और हिन्दी साहित्य सम्मेलन
की जानकारी शामिल है।
नौ मई
को गुरुदेव रवीन्द्रनाथ टैगोर की जयंती का भी उल्लेख किया गया। जनगणना 2027 को डिजिटल
बनाने की जानकारी देते हुए बताया गया कि सभी विवरण सीधे डिजिटल माध्यम में दर्ज हो
रहे हैं। कच्छ
के रण में हर वर्ष आने वाले फ्लेमिंगो पक्षियों को पर्यावरण संरक्षण का प्रतीक बताया
गया। उत्तर प्रदेश में गज मित्र पहल से हाथी-मानव टकराव कम होने की बात भी सामने आई।
भगवान गौतम बुद्ध के शांति संदेश और चिली में चल रहे ध्यान-करुणा कार्यों का उल्लेख
किया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नरेंद्र शर्मा परवाना