पानीपत: ताऊ देवीलाल पार्क में बनेगी झील व आधुनिक ट्रैक: महीपाल ढांडा

 


पानीपत, 01 मार्च (हि.स.)। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा ने रविवार को देवी लाल पार्क के बाहर से तीन स्वीपिंग मशीनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि वे 100 प्रतिशत ईमानदारी से जनता की सेवा करने के लिए प्रतिबद्ध हैं और उनका प्रत्येक कार्य जनहित को समर्पित है। वे वार्ड 21 और 25 के सामूहिक पार्क तथा ताऊ देवीलाल पार्क के सौंदर्यकरण के शिलान्यास अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में जनसमूह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि जिन पार्कों में कभी गंदगी और बदहाल स्थिति थी, वहां अब करोड़ों रुपये की लागत से आधुनिक सुविधाओं से युक्त मॉडल पार्क तैयार किए जाएंगे। लगभग सात माह में निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।

उन्होंने विशेष रूप से ताऊ देवीलाल पार्क के सौंदर्यकरण पर जोर देते हुए कहा कि यहां आधुनिक रनिंग ट्रैक, वॉकिंग ट्रैक, उत्कृष्ट पौधारोपण, एक एकड़ में सुंदर झील, योग हॉल और मल्टीपर्पज हॉल का निर्माण किया जाएगा। इसके अतिरिक्त अन्य अत्याधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे यह पार्क क्षेत्र की अलग पहचान बनाएगा। मंत्री ने कहा कि पार्कों के आसपास 100 से अधिक दुकानों के विकसित होने की संभावना है, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर मिलेंगे और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

मंत्री महीपाल ढांडा ने वार्ड में स्कूल खोलने की मांग पर सहमति जताते हुए कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में भी शीघ्र ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि कोई भी नागरिक हरियाणा विधानसभा की कार्यवाही देखने के लिए चंडीगढ़ आ सकता है; इसके लिए पूर्व सूचना देने पर उनके ठहरने और भोजन की व्यवस्था की जाएगी।

मेयर कोमल सैनी ने कहा कि सेक्टर-25 और ताऊ देवीलाल पार्क के सौंदर्यकरण की मांग लंबे समय से उठ रही थी। अब इस दिशा में ठोस पहल की गई है। इस अवसर पर डीएसपी सुरेश सैनी, मार्केट कमेटी अध्यक्ष अवतार सिंह शास्त्री, सुरेश गुंबर, पार्षद मनजीत कौर, सरपंच चिरंजीत, सरपंच सोनू सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा