यमुनानगर:खनन माफिया ने पुलिस कर्मियों पर किया गाड़ी चढ़ाने का प्रयास

 

यमुनानगर, 16 अप्रैल (हि.स.)। यमुनानगर जिले में खनन विभाग के नाके पर तैनात पुलिस कर्मियों पर कथित तौर पर खनन से जुड़े तत्वों ने जानलेवा हमला कर दिया। बिना वैध दस्तावेज के आ रहे वाहन को रोकने के प्रयास के दौरान चालक ने गाड़ी को पुलिसकर्मियों की ओर मोड़ दिया, जिससे उन्हें कुचलने की कोशिश की गई। दोनों कर्मियों ने समय रहते हटकर अपनी जान बचा ली, लेकिन इस दौरान उन्हें चोटें आईं।

शिकायत के अनुसार, एसपीओ मदन लाल और एसपीओ कुलजीत सिंह खनन विभाग के नाके पर गांव खनडवाला क्षेत्र में तैनात थे। उन्हें सूचना मिली थी कि लेदी की ओर से एक वाहन बिना चालान, बिल और आवश्यक कागजात के गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर दोनों कर्मचारी बैरियर के पास पहुंचे और वाहन को रुकने का संकेत दिया। बताया गया कि चालक ने वाहन रोकने के बजाय उसे सीधे पुलिसकर्मियों की ओर मोड़ दिया। इसके बाद दोनों कर्मचारियों ने एक निजी वाहन से संदिग्ध गाड़ी का पीछा किया।

पीछा करने के दौरान दो अन्य कारें बीच में आ गईं और आरोपित वाहन को निकलने में सहायता करते हुए रास्ता अवरुद्ध कर दिया। आरोप है कि इस दौरान संबंधित व्यक्तियों ने न केवल सरकारी कार्य में बाधा डाली, बल्कि अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी भी दी और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की मदद ली जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार