नूंह:मंडियों में किसान हो रहा परेशान सरकार को नहीं कोई चिंता:आफताब अहमद

 


नूंह, 04 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस विधायक दल के उप नेता व नूंह विधायक चौधरी आफ़ताब अहमद ने रविवार को तावडू अनाज मंडी में

दौरा कर किसानों, आढ़तियों व मंडी कर्मचारियों से मुलाकात कर व्यवस्था का जायज़ा लिया। मंडी पहुंचने पर उन्होंने फसल खरीद से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने किसानों से सीधे बातचीत करते हुए उनकी समस्याओं और मंडी में आ रही परेशानियों के बारे में विस्तार से जानकारी हासिल की।

बात दें कि हरियाणा सरकार द्वारा वर्ष 2026-27 के लिए बाजरे का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,900 प्रति क्विंटल तय किया गया है, जिसमें भावांतर भरपाई योजना भी शामिल है। विधायक आफ़ताब अहमद ने कहा कि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिल रहा है। किसानों को मजबूरी में अपने बाजरे को 1,800 से 2,000 प्रति क्विंटल तक बेचना पड़ा है।

चौधरी आफताब अहमद ने मंडी में फसल खरीद, तौल, उठान तथा अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने किसानों से पूछा कि उन्हें अपनी फसल बेचने के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत तो नहीं आ रही है। किसानों ने भी मंडी से संबंधित विभिन्न समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। विधायक ने किसानों की बात गंभीरता से सुनते हुए संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव प्रयास करने का आश्वासन दिया।

विधायक आफताब अहमद ने बताया कि इस बार अब तक 575 मेट्रिक टन बाजरे की फ़सल मंडी पहुंची है और उसकी गुणवत्ता भी अच्छी रही है लेकिन बीजेपी सरकार के निराशाजनक रवैये से किसानों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि बीते साल मंडी में मात्र 575 किसानों को भावांतर योजना का भुगतान हुआ जबकि सच यह है कि हजारों किसानों ने यहाँ अपनी फसल बेची।

विधायक आफ़ताब अहमद ने कहा कि मेरी फसल मेरा ब्यौरा पोर्टल पर फसल का वेरिफिकेशन नहीं होने के कारण किसानों के गेट पास नहीं कट रहे हैं। ऐसे में किसानों को अपनी फसल औने-पौने दामों पर बेचने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि न तो हैफेड और न ही हरियाणा वेयरहाउस कारपोरेशन की ओर से सरकारी खरीद शुरू की गई है। बता दें कि रजिस्ट्रेशन के 48 घंटे बाद गेट पास जारी होता है लेकिन वेरिफिकेशन नहीं होने के कारण किसानों को परेशानी झेलनी पड़ रही है । उन्होंने कहा कि एक अक्टूबर से बाजरे की सरकारी खरीद शुरू करने के दावे किए गए थे,लेकिन मंडी में अभी तक खरीद व्यवस्था शुरू नहीं हो पाई है। विधायक ने भाजपा सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया।

विधायक आफताब अहमद ने कहा कि यह मामला उपायुक्त अखिल पिलानी के संज्ञान में भी लाया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया है कि गेट पास के लिए जो भी समस्या आ रही है उसे तुरंत सही कराया जाएगा। आफ़ताब अहमद ने कहा कि किसान दिन-रात मेहनत कर फसल तैयार करता है और जब वह अपनी उपज लेकर मंडी पहुंचता है तो उसे किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना चाहिए। इस दौरान विधायक के साथ पीसीसी सदस्य महताब अहमद, पूर्व ब्लाक समिति वाइस चेयरमैन जावेद अहमद और रोहतास सिंह सहित किसान व व्यापारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया