हिसार : व्हाट्सएप पर मिलेगा बिजली बिल, 20.63 लाख उपभोक्ताओं को मिला लाभ
निगम का आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर
+91 88139 99708 जारी
हिसार, 22 अप्रैल (हि.स.)। दक्षित
हरियाणा बिजली वितरण निगम ने उपभोक्ताओं की सुविधा बढ़ाने के उद्देश्य से व्हाट्सएप
के माध्यम से बिजली बिल भेजने की व्यवस्था को तेज कर दिया है। अब उपभोक्ताओं को एसएमएस
सूचना के साथ-साथ उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर बिल की विस्तृत पीडीएफ कॉपी व्हाट्सएप
के जरिए भी उपलब्ध कराई जा रही है।
इस संबंध में दक्षिण एवं उत्तर हरियाणा
बिजली वितरण निगम के प्रबंध निदेशक विक्रम सिंह सभी ऑपरेशन सर्कल के अधीक्षण अभियंताओं
को निर्देश दिए हैं कि वे इस सुविधा का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें तथा फील्ड
कार्यालयों को भी जागरूक करें, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ता अपने व्हाट्सएप-सक्षम मोबाइल
नंबर निगम के रिकॉर्ड में अपडेट करा सकें। इसके लिए निगम का आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर
+91 88139 99708 जारी किया गया है।
निगम प्रवक्ता संजय चुघ ने बुधवार के बताया कि फरवरी और मार्च माह के दौरान कुल 20.63 लाख बिजली बिल सफलतापूर्वक व्हाट्सएप के माध्यम
से उपभोक्ताओं तक पहुंचाए गए हैं। यह पहल बिलों की समय पर डिलीवरी सुनिश्चित करने तथा
उपभोक्ताओं को होने वाली असुविधा को कम करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा
रही है। उन्होंने बताया कि इस सुविधा से बिल न मिलने से संबंधित शिकायतों में उल्लेखनीय
कमी आने की संभावना है। साथ ही उपभोक्ता इसी व्हाट्सएप नंबर के माध्यम से अपनी बिजली
संबंधी शिकायतें भी दर्ज करा सकेंगे, जिससे समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया और अधिक
सरल, पारदर्शी एवं तेज होगी।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर