कैथल: अनाज मंडी में छत से गिरकर प्रवासी मजदूर की मौत
कैथल, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जाखौली अड्डा स्थित नई अनाज मंडी में दुकान की छत से गिरने के कारण 30 वर्षीय प्रवासी मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के ढाका भंडारण निवासी कमलेश कुमार के रूप में हुई है। वह धान के सीजन में मजदूरी करने के लिए कैथल आया हुआ था और मंडी की एक दुकान पर काम कर रहा था। दिनभर काम करने के बाद वह रात को दुकान की छत पर सोने चला गया। इसी दौरान रात में अचानक छत से नीचे गिर गया, जिससे उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह अनाज मंडी से गुजर रहे लोगों ने मजदूर का शव नीचे पड़ा देखा। इसके बाद तुरंत अनाज मंडी चौकी पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल कैथल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि मजदूर जिस स्थान पर गिरा, वहां पक्का फर्श था। सिर के बल नीचे गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट आई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अनाज मंडी चौकी प्रभारी जयपाल ने बताया कि पुलिस को सुबह सूचना मिली थी कि मंडी में मजदूरी करने आए एक व्यक्ति की छत से गिरने के कारण मौत हो गई है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। मामले में इत्तेफाकिया मौत के तहत कार्रवाई की गई है और मृतक के परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज अत्रे