हांसी में कपड़ों के शाेरूम में गैस सिलेंडर फटने से लगी आग
पांच दमकल गाड़ियों ने कई घंटे की मशक्कत के बाद बुझाई आग
कपड़ों का पूरा स्टॉक और अधिकांश सामान जलकर राख
हांसी, 11 सितंबर (हि.स.)। शहर के हिसार रोड पर हुंडई शोरूम के सामने स्थित
नवनिर्मित कपड़ों के शोरूम द थ्रेड एंपायर में गुरुवार देर रात अचानक भीषण आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने पूरे शोरूम को अपनी चपेट में ले लिया। आग की भयावहता का अंदाजा
इसी से लगाया जा सकता है कि हांसी से तीन और हिसार से दो दमकल गाड़ियों को मौके पर
बुलाना पड़ा।
आग बुझाने के दौरान शोरूम के अंदर रखा गैस सिलेंडर अचानक फट गया, जिससे लपटें
और तेज हो गईं। इस दौरान फायर ऑपरेटर राहुल बाल-बाल बच गए। कई घंटे की मशक्कत के बाद
दमकल कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक शोरूम में रखा कपड़ों का स्टॉक और अधिकांश
सामान जलकर राख हो चुका था। आग से शोरूम के भवन को भी भारी नुकसान पहुंचने की आशंका
है।
जानकारी के अनुसार द थ्रेड एंपायर शोरूम का उद्घाटन 15 अगस्त को ही हुआ था।
आगामी 15 सितंबर को इसे खुले हुए एक माह पूरा होना था, लेकिन उससे पहले ही शोरूम आग
की भेंट चढ़ गया। आग लगने की सूचना गुरुवार देर रात डायल-112 के माध्यम से पुलिस को
मिली। सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का
अभियान शुरू किया।
पीछे की दीवार तोड़कर बुझाई आग
फायर ऑपरेटर राहुल ने बताया कि आग तेजी से फैल रही थी। स्थिति को देखते हुए
हांसी से तीन और हिसार से दो दमकल गाड़ियां मंगवाई गईं। दमकल कर्मियों ने शोरूम की
पिछली दीवार तोड़कर अंदर पहुंचने का रास्ता बनाया और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
इसी दौरान अंदर रखा गैस सिलेंडर अचानक फट गया। सिलेंडर फटने से आग की लपटें अचानक तेज
हो गईं और मौके पर मौजूद दमकल कर्मियों के लिए स्थिति बेहद खतरनाक हो गई। राहुल इस
दौरान आग की चपेट में आने से बाल-बाल बच गए।
दमकल कर्मियों ने लगातार कई घंटे तक अभियान चलाकर आग पर काबू पाया। हालांकि
तब तक शोरूम का कपड़ों का स्टॉक और अन्य सामान पूरी तरह जल चुका था। प्रारंभिक तौर
पर लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
शहर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सुखजीत सिंह ने शुक्रवार काे बताया कि आग लगने की सूचना मिलते
ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं
चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग से हुए नुकसान का भी आकलन किया जा
रहा है। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर