पानीपत: भैंसाें काे नहलाने गए व्यक्ति की जोहड़ में डूबने से मौत
पानीपत, 16 जून (हि.स.)।
पानीपत के गांव बुआना लाखू में सोमवार शाम को गांव के ही जोहड़ में भैंसों को नहलाने गए 44 वर्षीय व्यक्ति की पानी में डूबने से मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार, बुआना लाखू गांव का रहने वाला 44 वर्षीय राकेश दोपहर के बाद अपनी भैंसों को पानी पिलाने और नहलाने के लिए गांव के जोहड़ में लेकर गया था। भीषण गर्मी के कारण भैंसें तैरते हुए जोहड़ में गहरे पानी में चली गईं। जब राकेश ने भैंसों को जोहड़ से बाहर निकालने का प्रयास किया।
इसी दौरान पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया और डूबने से उसकी मौत हो गई। जब राकेश पानी में डूब रहा तो आसपास हलचल हुई। इसी से वहां मौजूद लोगों ने तुरंत शोर मचाया। चीख-पुकार सुनकर खेतों और गांव से भारी संख्या में ग्रामीण जोहड़ की तरफ भागे, ग्रामीणों ने तुरंत पानी में छलांग लगाई और काफी मशक्कत के बाद राकेश को पानी से बाहर निकाला। लेकिन तब तक राकेश की हालत बेहद गंभीर हो चुकी थी।
परिजन और ग्रामीण उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही थाना इसराना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना किया। पुलिस ने मृतक राकेश के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस ने परिजनों के बयानों के आधार पर इत्तेफाकिया दुर्घटना की कार्रवाई करते हुए मंगलवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल वर्मा