हिसार में रोडवेज बस की चपेट में आने से अधेड़ की मौत
पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर की पूछताछ
हिसार, 22 मई (हि.स.)। हिसार के सेक्टर
27-28 के पास बाईपास पर रोडवेज बस की चपेट में आने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक
की पहचान आर्य नगर निवासी 52 वर्षीय ओमप्रकाश के रूप में हुई है। हादसे के बाद पुलिस
मौके पर पहुंची और एंबुलेंस को बुलाकर शव को जिले के नागरिक अस्पताल पहुंचाया।
मिली जानकारी के अनुसार सोनीपत डिपो की रोडवेज
बस शुक्रवार काे गोहाना से हिसार होते हुए सिरसा जा रही थी। इसी दौरान हिसार के सेक्टर 27-28
के पास बाईपास पर यह हादसा हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार अचानक ओमप्रकाश बस
के नीचे आ गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि आसपास मौजूद
लोग भी घबरा गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे के बाद पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर
स्थिति को संभाला। बस को कुछ देर तक घटनास्थल पर ही रोक कर रखा गया, जिससे बाईपास पर
यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर नागरिक अस्पताल भेजा और मृतक
के परिजनों को घटना की सूचना दी।
पुलिस ने सोनीपत डिपो के बस चालक रोहतक निवासी
मनीष से पूछताछ शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। मृतक के परिजनों
के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद परिवार
में मातम का माहौल है।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश्वर