नूंह: एमओटीपी नीति जल्द लागू करने की मांग, स्वास्थ्य कर्मचारियों ने सिविल सर्जन को सौंपा ज्ञापन
नूंह, 09 अक्टूबर (हि.स.)। मेवात स्वास्थ्य विभाग तालमेल कमेटी हरियाणा ने एमओटीपी कर्मचारियों के संबंध में सरकार द्वारा लिए गए निर्णय का स्वागत करते हुए इसे जल्द लागू करने की मांग की है। इस संबंध में कमेटी ने शुक्रवार को सिविल सर्जन के माध्यम से महानिदेशक, स्वास्थ्य विभाग हरियाणा के नाम ज्ञापन सौंपा। कमेटी ने सरकार के फैसले को कर्मचारियों के हित में सकारात्मक कदम बताते हुए उम्मीद जताई कि इससे कर्मचारियों को राहत मिलेगी और उनका मनोबल बढ़ेगा।
कमेटी के अनुसार, मेवात के स्वास्थ्य विभाग में पिछले 9 से 10 वर्षों से विभिन्न श्रेणियों के कर्मचारी सेवाएं दे रहे हैं। इनमें नर्सिंग ऑफिसर, फार्मेसी ऑफिसर, एमपीएचडब्ल्यू, एमपीएचएस, स्टेनोग्राफर और क्लर्क सहित अन्य कर्मचारी शामिल हैं। कर्मचारियों ने सरकार की एमओटीपी नीति का स्वागत करते हुए मांग की है कि इसे जल्द से जल्द लागू किया जाए, ताकि पात्र कर्मचारियों को अपने गृह जिलों में स्थानांतरण का लाभ मिल सके।
मेवात स्वास्थ्य विभाग तालमेल कमेटी ने कहा कि सरकार का यह निर्णय कर्मचारियों के हितों की रक्षा करने वाला है। लंबे समय से दूसरे जिलों में सेवाएं दे रहे कर्मचारियों को इस नीति के लागू होने से अपने गृह जिलों में स्थानांतरण का अवसर मिलने की उम्मीद है। इससे उन्हें व्यक्तिगत और पारिवारिक स्तर पर भी राहत मिल सकती है। कमेटी ने कहा कि कर्मचारियों के हित में लिए गए सकारात्मक फैसलों से स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली मजबूत होगी और जनसेवाओं को बेहतर बनाने में भी मदद मिलेगी। कर्मचारियों की जायज मांगों और समस्याओं पर सरकार का सकारात्मक रुख सराहनीय है।
कमेटी ने सरकार से आग्रह किया कि एमओटीपी नीति को बिना अनावश्यक देरी के लागू करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं, ताकि संबंधित कर्मचारियों को इसका लाभ मिल सके। कमेटी ने सरकार के निर्णय का पुनः स्वागत करते हुए कर्मचारियों के हित में किए गए प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अनिल मोहानिया